बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 15 साल की उम्र में भारतीय टीम में मिली जगह, सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड

भारतीय क्रिकेट टीम में चिन का चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था। वैभव ने 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम में जगह बनाकर सचिन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है

Vaibhav Suryavanshi - फोटो : news4nation

Vaibhav Suryavanshi : बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में उनका चयन भारतीय क्रिकेट टीम में हो गया है। इसके साथ ही वैभव भारत के लिए चुने जाने वाले अब तक के सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव को जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखला तथा सितंबर में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। एशियन गेम्स में क्रिकेट प्रतियोगिता टी-20 प्रारूप में खेली जाएगी।


 समस्तीपुर में जश्न का माहौल

वैभव के भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव समस्तीपुर जिले के ताजपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। घर और गांव में जश्न का माहौल है। परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर खुशी का इजहार किया, जबकि घर के बाहर आतिशबाजी भी की गई। वैभव के दादा उपेंद्र सूर्यवंशी ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें पहले से विश्वास था कि उनका पोता देश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही कह दिया था कि वैभव बहुत आगे जाएगा। आज उसका चयन भारतीय टीम में होना पूरे परिवार और बिहार के लिए गर्व की बात है।"


सचिन और शेफाली का रिकॉर्ड टूटा

अब तक पुरुष क्रिकेट में सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन का चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था। वहीं महिला और पुरुष क्रिकेट को मिलाकर सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम था, जिनका चयन 15 साल 220 दिन की उम्र में हुआ था। वैभव ने 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम में जगह बनाकर दोनों रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।


सबसे युवा डेब्यू करने वाले खिलाड़ी भी बन सकते हैं

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर वैभव के डेब्यू पर टिकी है। यदि उन्हें आयरलैंड-इंग्लैंड टी-20 श्रृंखला या एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन जाएंगे। वर्तमान में सबसे कम उम्र में भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। ऐसे में वैभव के पास एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का मौका है।


आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

वैभव सूर्यवंशी का चयन उनके शानदार आईपीएल प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपने आक्रामक खेल और निरंतर प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा था। आईपीएल फाइनल के बाद वैभव को पांच बड़े पुरस्कार मिले थे। उन्होंने ऑरेंज कैप जीतने के साथ-साथ इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और मोस्ट सिक्सेज का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। इन उपलब्धियों के लिए उन्हें कुल 45 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली थी। इसके अलावा सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन चुने जाने पर उन्हें एक टाटा सियेरा कार भी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई थी।


टी-20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को

भारतीय टीम चयन के साथ ही एक बड़ा बदलाव कप्तानी को लेकर भी सामने आया है। श्रेयस अय्यर को टी-20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बहरहाल, इस समय सबसे अधिक चर्चा बिहार के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्होंने बेहद कम उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है।