बाढ़ के लदमा में दौड़ेगा 'वंदे भारत': पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में होगी राष्ट्रीय स्तर की घुड़दौड़ प्रतियोगिता

मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी के शुभ अवसर पर लदमा में राष्ट्रीय स्तर की खुली घुड़दौड़ प्रतियोगिता रखी गई है। इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 'वंदे भारत' नाम का घोड़ा होगा....

बाढ़ के लदमा में दौड़ेगा 'वंदे भारत'- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में आगामी 25 नवंबर को एक बड़ा और अनूठा आयोजन होने जा रहा है। मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी के शुभ अवसर पर लदमा में राष्ट्रीय स्तर की खुली घुड़दौड़ प्रतियोगिता रखी गई है। इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 'वंदे भारत' नाम का घोड़ा होगा। इस प्रतिष्ठित रेस में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से जाने-माने घुड़सवार और उनके घोड़े लदमा पहुंच रहे हैं।


10 से 12 बीघे में बन रहा विशाल मैदान और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था

आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए लदमा में करीब 10 से 12 बीघे की विशाल जमीन पर घुड़दौड़ का मैदान (ट्रैक) तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही देश भर से आने वाले मेहमानों और स्थानीय दर्शकों के आराम से बैठने के लिए भव्य टेंट व दीर्घा का इंतजाम किया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि इस प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है।


'वंदे भारत' और 'क्रांतिवीर' की तैयारी शुरू, प्रिय घोड़ा 'लाड़ला' की सेहत खराब

अनंत सिंह के घोड़ों की देखरेख करने वाले इस्माइल ने बताया कि पूर्व विधायक के पसंदीदा घोड़ों—'वंदे भारत', 'क्रांतिवीर' और 'श्याम' ने रेस के लिए मैदान में पसीना बहाना शुरू कर दिया है। हालांकि, इस्माइल ने यह भी जानकारी दी कि अनंत सिंह का सबसे प्रिय घोड़ा 'लाड़ला' फिलहाल बीमार चल रहा है, जिसके कारण इस प्रतियोगिता में उसकी हिस्सेदारी संदिग्ध लग रही है। बाकी सभी घोड़े पूरी तरह फिट हैं और रेस की तैयारी में जुटे हैं।


विजेता को मिलेगा थार रॉक्स, बाइक और स्कूटर का बंपर इनाम

इस राष्ट्रीय घुड़दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं के लिए आकर्षक और कीमती इनामों की घोषणा की गई है। प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को ब्रांड न्यू 'थार रॉक्स' गाड़ी, दूसरे स्थान वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले विजेता को स्कूटर इनाम स्वरूप दिया जाएगा। बड़े इनामों की वजह से प्रतियोगिता बेहद रोमांचक होने की संभावना है।


देशभर से जुटेंगे नामी घुड़सवार, लदमा में उत्सव जैसा माहौल

बेटी की शादी के इस खास मौके पर आयोजित हो रही घुड़दौड़ को लेकर पूरे बाढ़ इलाके और आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से घुड़सवारों का लदमा पहुंचने का सिलसिला शुरू होने वाला है। इस आयोजन ने शादी के माहौल को एक बड़े उत्सव का रूप दे दिया है और सभी की नजरें 25 नवंबर को होने वाली इस ऐतिहासिक रेस पर टिकी हुई हैं।


रवि शंकर की रिपोर्ट