सीएम को जान से मारने की धमकी और आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, पटना साइबर थाने में FIR दर्ज

बिहार के सीएम को जान से मारने और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस स्वत: संज्ञान लेते हुए साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है....

सीएम को जान से मारने की धमकी - फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने और उनके खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति अपने हाथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लेकर सूबे के मुख्यमंत्री के खिलाफ न सिर्फ अपशब्दों और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहा है, बल्कि उन्हें जान से मारने की खुली धमकी भी दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


सब-इंस्पेक्टर के बयान पर साइबर थाने में केस दर्ज

मामला संज्ञान में आते ही पटना की साइबर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए साइबर थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) संभव शर्मा के लिखित बयान पर संबंधित सोशल मीडिया आईडी और उसके संचालक के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है।


इंस्टाग्राम और 'एक्स' पर पोस्ट किया गया था वीडियो

पुलिस के अनुसार, यह विवादित और धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया गया था। प्राथमिकी में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि आरोपी शख्स हाथ में हथियार जैसी चीज लहराते हुए राज्य के सर्वोच्च पद पर बैठे मुख्यमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है। साइबर पुलिस का मानना है कि इस तरह के भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट से मुख्यमंत्री की सुरक्षा व गरिमा तो प्रभावित होती ही है, साथ ही समाज में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विधि-व्यवस्था (Law and Order) पर भी प्रतिकूल असर पड़ने का गंभीर खतरा है।


आरोपी की पहचान के लिए सोशल मीडिया कंपनियों से मांगी जानकारी

साइबर थाना पुलिस अब उस सोशल मीडिया आईडी और उसे ऑपरेट करने वाले असली चेहरे की पहचान करने में पूरी मुस्तैदी से जुट गई है। पुलिस ने इंस्टाग्राम और एक्स (X) प्रबंधन को पत्र लिखकर संबंधित अकाउंट्स की विस्तृत तकनीकी जानकारी (IP Address और यूजर डिटेल्स) मांगी है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से रिपोर्ट प्राप्त होगी, वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति को चिन्हित कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट