विनोद सिंह गुंजियाल ने शिक्षा एवं खेल विभाग के सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया
Vinod Singh Gunjyal : भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2007 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने शनिवार को बिहार सरकार के शिक्षा एवं खेल विभाग के सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने यह दायित्व वरिष्ठ अधिकारी डॉ. बी. राजेन्द्र से ग्रहण किया। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने राज्य के कई आईएएस अधिकारीयों को नई जिम्मेदारी सौपी थी इसमें विनोद सिंह गुंजियाल का नाम भी शामिल था ।
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार गुंजियाल शिक्षा विभाग के साथ-साथ खेल विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इसके अतिरिक्त वे निर्वाचन विभाग में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों का निर्वहन भी करते रहेंगे। विनोद सिंह गुंजियाल बिहार संवर्ग के वर्ष 2007 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं तथा प्रशासनिक सेवा में उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में कार्य करने का व्यापक अनुभव प्राप्त है। इससे पूर्व वे राज्य निर्वाचन व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
वे अभियंत्रण पृष्ठभूमि से आते हैं तथा पशुपालन, उत्पाद एवं निबंधन, जल संसाधन सहित अनेक विभागों में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। सीवान के जिलाधिकारी के रूप में उनका कार्यकाल भी उल्लेखनीय माना जाता है। राज्य सरकार को विश्वास है कि गुंजियाल के प्रशासनिक अनुभव एवं कार्यकुशलता से शिक्षा एवं खेल विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।