Bihar News : पीएम मोदी, नीतीश कुमार और अमित शाह के विजन के साथ मजबूत होगा राज्य का प्रतिनिधित्व : मंगल पांडेय

Patna :  भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में न केवल संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि संसद में बिहार की आवाज भी और अधिक मजबूती के साथ उठेगी। श्री पांडेय ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , पूर्व मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार और गृह मंत्री  अमित शाह की विकासोन्मुखी सोच को नितिन नबीन नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार के विकास को नई गति देंगे। 


श्री पांडेय ने इस अवसर पर अन्य नव-निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश कुमार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये सभी अनुभवी नेता लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और अब संसद में उनका अनुभव बिहार के हितों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। इनके संयुक्त प्रयासों से राज्य की विकास योजनाओं को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती मिलेगी, साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचा और रोजगार जैसे अहम क्षेत्रों में नीतिगत सुधार और तेज गति से संभव हो सकेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय को बिहार के विकास की कुंजी बताते हुए इसे “सुनहरा अवसर” करार दिया।


उन्होंने पीएम मोदी के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार की पहल की भी सराहना की और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून से महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे नीति-निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और लोकतंत्र अधिक समावेशी बनेगा। 


श्री पांडेय ने उम्मीद जताई कि इस तरह के दूरदर्शी निर्णयों और मजबूत नेतृत्व के प्रभाव से न केवल बिहार, बल्कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी सकारात्मक राजनीतिक बदलाव और विकास की नई दिशा देखने को मिलेगी।