Cabinet Decision : बिहार के तीन पर्यटन स्थलों पर वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर की होगी शुरुआत, सम्राट कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी

Cabinet Decision : राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में बिहार के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

बिहार में वाटर स्पोर्ट - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने और राज्य को इको-टूरिज्म एवं एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों करमचट (दुर्गावती) बांध, मां मुंडेश्वरी इको-पार्क और घोड़ा कटोरा को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। इन परियोजनाओं पर करीब 35.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां वाटर स्पोर्ट्स, रोमांचक एडवेंचर गतिविधियों और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की इस पहल का उद्देश्य निजी क्षेत्र के निवेश, तकनीकी विशेषज्ञता और पेशेवर प्रबंधन के माध्यम से प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को आकर्षक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना है। इससे पर्यटकों को नए अनुभव मिलेंगे, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ेंगे।

करमचट बांध में 16 तरह की वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां

रोहतास-कैमूर क्षेत्र में कैमूर की पहाड़ियों के बीच स्थित करमचट (दुर्गावती) बांध के जलाशय में लगभग 16.47 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत वाटर स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर पार्क विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटकों के लिए 16 प्रकार की जल आधारित गतिविधियां शुरू करने की योजना है। इनमें जेट स्की, पोंटून बोट, स्पीड बोट, क्राफ्ट पैरासेल, जेटी पैरासेल, कयाक, पैडल बोट, वाटर साइकिल, वाटर रोलर, बनाना बोट, डबल बनाना, लॉन्चर, फ्लाई फिश, ड्रैगन राइड, बम्पी राइड और बम्पी बोट शामिल हैं। इसके अलावा तीन प्रमुख स्थल आधारित एडवेंचर गतिविधियां जायंट स्विंग, स्काई रोलर और जीरो ग्रैविटी भी विकसित की जाएंगी। इससे करमचट बांध वाटर स्पोर्ट्स और रोमांचक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।

मां मुंडेश्वरी इको-पार्क में बनेगा एडवेंचर पार्क

कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी इको-पार्क में लगभग 16.44 करोड़ रुपये की लागत से मुंडेश्वरी एडवेंचर पार्क विकसित किया जाएगा। यहां 100 फीट ऊंचा जायंट व्हील और ग्लास टावर प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए 17 तरह की एडवेंचर गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इनमें रोप कोर्स, जिपलाइन, जिप बाइक, जायंट स्विंग, वॉल क्लाइम्बिंग, टायर वॉल, स्काई रोलर, रॉकेट इजेक्शन, बंजी ट्रैम्पोलिन, जीरो ग्रैविटी, 360 डबल साइकिल, 4-सीटर जायरो, बुल राइड, मेल्टडाउन, क्रेजी रोलर, बाउंसी और वीआर जोन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पर्यटकों की सुविधा के लिए जरूरी आधारभूत संरचनाओं और आगंतुक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

घोड़ा कटोरा में झील आधारित एडवेंचर और बोटिंग की सुविधा

नालंदा जिले के राजगीर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण घोड़ा कटोरा झील को भी इको-एडवेंचर और वाटर रिक्रिएशन के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 2.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां जिप बाइक, जिपलाइन और बोटिंग जैसी गतिविधियां शुरू की जाएंगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए खान-पान की व्यवस्था, पार्किंग और टोल नाका से झील तक आवागमन के लिए बैटरी चालित ई-कार्ट शटल सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस परियोजना में स्थानीय लोगों की सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

निजी निवेश से बढ़ेगी पर्यटन सुविधाएं, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

तीनों परियोजनाओं के पीपीपी मॉडल पर विकसित होने से पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश और आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ेगा। साथ ही प्राकृतिक स्थलों की पर्यटन क्षमता का बेहतर उपयोग हो सकेगा। वाटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर गतिविधियों और आधुनिक आगंतुक सुविधाओं के विकास से बिहार में पर्यटकों के ठहराव और आकर्षण में वृद्धि की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार तथा आसपास के क्षेत्रों में होटल, परिवहन, खान-पान और अन्य पर्यटन संबंधी व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।