बिहार में बदला मौसम का मिजाज: बढ़ेगी ठंड और छाएगा कोहरा, बंगाल की खाड़ी में प्रचंड तूफान की आहट

बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरे का असर दिख रहा है...

बिहार में बदला मौसम का मिजाज- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Weather Report : बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरे का असर दिख रहा है, जबकि रात में तापमान गिरने से ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, 17 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। दिन के समय मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन सुबह और रात में सर्दी बढ़ेगी।


अगले दो दिनों में गिरेगा न्यूनतम तापमान, 72 घंटे कोहरे का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, जबकि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और इसके बाद रात के तापमान में भी विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है। अगले 72 घंटों के दौरान ज्यादातर हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिसका असर सड़क व रेल यातायात पर पड़ सकता है। पटना में सुबह न्यूनतम दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई है, इसलिए वाहन चालकों को धीमी गति रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।


औरंगाबाद सबसे गर्म, अरवल रहा सबसे ठंडा जिला

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बीते 24 घंटों में बिहार में मौसम शुष्क रहा और राज्य में अधिकतम तापमान 26.8 से 30.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिसमें औरंगाबाद सबसे अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, राज्य में न्यूनतम तापमान 16.4 से 22.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और अरवल 16.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।


बंगाल की खाड़ी में प्रचंड चक्रवाती तूफान का अनुमान

दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अति गहन अवदाब पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और 17 नवंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। मौसम प्रणाली के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है, जिसके 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के बीच नेल्लोर और तुनी के पास से गुजरने का अनुमान है। इस दौरान हवा की निरंतर गति 120 से 130 किमी प्रति घंटे और झोंकों की गति 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


बिहार में शुष्क रहेगा मौसम, ठंड और कोहरे का दौर जारी

फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बन रहे इस चक्रवाती तंत्र के कारण बिहार में बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और सुबह कोहरे के साथ रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।