Weather Forecast: अगले 8 घंटों में 17 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें आज के मौसम का हाल

Weather Forecast: देशभर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। केरल में मानसून की दस्तक के आसार, दिल्ली-यूपी में आंधी-बारिश, बिहार में लू का अलर्ट और कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना।

आज का मौसम 4 जून- फोटो : freepik

Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 12 घंटों के भीतर केरल पहुंच सकता है। इसके साथ ही केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार में 5 से 9 जून, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 जून और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 9 जून के बीच लू चलने की आशंका है। असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

दिल्ली में मौसम

दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर और शाम के दौरान हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 जून को भी हल्की बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में मौसम

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, बांदा, प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, जौनपुर, आजमगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर और कानपुर सहित कई जिलों में आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। 5 और 6 जून को भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

बिहार में मौसम

बिहार में 4 और 5 जून को मौसम सामान्य रहने की संभावना है और फिलहाल कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि 6 जून से कई जिलों में लू चलने का खतरा है। गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और औरंगाबाद में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भागलपुर, सुपौल, कटिहार और किशनगंज में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

राजस्थान में मौसम

राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 4 और 5 जून को आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है।

उत्तराखंड में मौसम

उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 4 से 6 जून के बीच कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम

जम्मू-कश्मीर में 4 जून को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 5 और 6 जून को भी मौसम खराब रह सकता है और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है।

झारखंड में मौसम

झारखंड में 4 से 7 जून के बीच कई जिलों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान की स्थिति भी बन सकती है।