कौन हैं खान सर का 'दुश्मन' रौशन आनंद जिसने KGS पर कराया हमला ! क्या है विवाद का कारण, हुआ खुलासा
पटना का मुसल्लहपुर हाट इलाका लंबे समय से बिहार का सबसे बड़ा कोचिंग हब माना जाता है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़े संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा भी काफी तेज रहती है।
Khan Sir : पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे और पथराव मामले के बाद एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वह है रौशन आनंद। पुलिस ने Khan Global Studies (KGS) पर हुए हमले के मामले में ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के संचालक रौशन आनंद सहित 3 को गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ अभिषेक और गौरव नामक दो अन्य सहयोगियों को भी पुलिस ने पकड़ा है। आरोप है कि कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टूडियो के बाहर कुछ लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की, जिसके बाद जांच में ज्ञान बिंदु से जुड़े लोगों की पहचान हुई।
पटना का मुसल्लहपुर हाट इलाका लंबे समय से बिहार का सबसे बड़ा कोचिंग हब माना जाता है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़े संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा भी काफी तेज रहती है। Khan Sir की बढ़ती लोकप्रियता और कम फीस मॉडल के बीच ज्ञान बिंदु और KGS के बीच वर्चस्व की लड़ाई की चर्चा पहले से होती रही है। अब ताजा विवाद ने इस प्रतिस्पर्धा को खुलकर सामने ला दिया है।
कौन हैं रोशन आनंद
रोशन आनंद बिहार के सहरसा जिले के धमसेना गांव के रहने वाले हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाले रौशन आनंद ने सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई की। शुरुआती शिक्षा गांव और सरकारी स्कूलों में हुई। बताया जाता है कि कम उम्र से ही वह पढ़ाई और करियर को लेकर गंभीर थे। करीब 15 साल की उम्र में वह पढ़ाई के लिए पटना आ गए और बाद में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा भी पहुंचे।
उन्होंने AIEEE परीक्षा में सफलता हासिल कर BIT मेसरा में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया था, लेकिन आर्थिक और निजी परिस्थितियों के कारण पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने बिहार पुलिस, BPSC और UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। वर्ष 2014 में बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा पास करने के बावजूद वह फिजिकल टेस्ट में सफल नहीं हो सके। BPSC में भी वह इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हुआ।
चार छात्रों के साथ ज्ञान बिंदु की शुरुआत
लगातार संघर्षों के बीच रौशन आनंद ने पढ़ाने का रास्ता चुना। 1 सितंबर 2017 को उन्होंने केवल चार छात्रों के साथ ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी की शुरुआत की। धीरे-धीरे उनका संस्थान बिहार पुलिस, SSC, रेलवे, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले चर्चित कोचिंग संस्थानों में शामिल हो गया।
अब KGS पर हुए हमले के बाद रौशन आनंद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान में जुटी है। वहीं इस घटना ने पटना के कोचिंग जगत में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और तनाव को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है विवाद
एक ओर जहां खान सर का कहना है कि वे कम फीस में बच्चों में पढ़ाते हैं इसलिए प्रतिद्वंद्वी कोचिंग वाले उनसे इर्ष्या करते हैं। यही कारण है कि उनके कोचिंग पर हमला कराया गया। खान सर मौजूदा समय में बिहार ही नहीं बल्कि उनकी लोकप्रियता पूरे देश में है। वे देश के सबसे चर्चित यूट्यूब शिक्षकों में एक हैं। वहीं दूसरी ओर रोशन आनंद भी खुद को सर्वाधिक रिजल्ट देने वाला टीचर बताते हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस का जो रिजल्ट आया है उसमे उनके ज्ञान बिंदु से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। ऐसे में उनकी सफलता से घबराए लोग अब उन्हें बदनाम कर रहे हैं और हमले-मारपीट में नाम घसीट रहे हैं।