'मलाई खाएंगे या समाज की लड़ाई लड़ेंगे?': मुकेश सहनी ने मंत्री डॉ. संजय निषाद को घेरा, 101 दिन की यात्रा का किया ऐलान

Bihar Politics : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक मुकेश सहनी ने यूपी में निषाद समाज के साथ नाइंसाफी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मंत्री डॉ. संजय निषाद से मंत्री पद को त्याग निषाद समाज के हक की लड़ाई लड़ने की सलाह दी है...

मुकेश सहनी ने मंत्री डॉ. संजय निषाद को घेरा- फोटो : देबांशु प्रभात

Patna : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और 'सन ऑफ मल्लाह' मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश के बलिया में एनडीए सरकार और डॉ. संजय निषाद पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से चर्चा करते हुए सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के साथ नाइंसाफी हो रही है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें अब यह तय करना होगा कि वे सत्ता की मलाई खाना चाहते हैं या अपने समाज के हक और आरक्षण के लिए संघर्ष करना चाहते हैं।


सहनी ने निषाद आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए सरकार की घेराबंदी करते हुए कहा कि पिछले सात सालों से डॉ. संजय निषाद मंत्री पद पर काबिज हैं, लेकिन आरक्षण का आंदोलन अब ठंडे बस्ते में चला गया है। उन्होंने डॉ. निषाद से कुर्सी त्यागने की अपील करते हुए कहा कि अगर वे समाज का भला चाहते हैं, तो वापस आकर लड़ाई लड़ें। सहनी ने तंज कसते हुए कहा कि निषाद समाज ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है, लेकिन आज समाज के बुनियादी सवालों पर चुप्पी साधी जा रही है।


101 दिनों की प्रदेशव्यापी यात्रा का एलान 

आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए मुकेश सहनी ने घोषणा की कि वे आगामी 25 जुलाई से 101 दिनों की प्रदेशव्यापी यात्रा पर निकलेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य अगले छह महीनों के भीतर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना और निषाद समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निषाद समाज अब किसी पार्टी के पीछे नहीं, बल्कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और आरक्षण की मांग के साथ खड़ा है।


डॉ. संजय निषाद को 6 महीने का अल्टीमेटम

गठबंधन की राजनीति पर बोलते हुए सहनी ने डॉ. संजय निषाद को छह महीने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि या तो वे छह महीने में आरक्षण दिलाएं, अन्यथा यूपीए गठबंधन के साथ आकर सरकार बदलने में मदद करें। सहनी ने दावा किया कि यदि केंद्र में यूपीए की सरकार बनती है, तो निषाद समाज को आरक्षण मिलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने यहाँ तक कहा कि यदि आरक्षण लागू हो जाता है, तो वे राजनीति तक छोड़ने को तैयार हैं।


अंत में मुकेश सहनी ने कहा कि पिछले चुनाव के बाद परिस्थितियां बदल चुकी हैं और जनता ने डॉ. संजय निषाद की कार्यशैली को परख लिया है। उन्होंने दावा किया कि निषाद समाज अब बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है और आने वाले समय में अपने वोटों की ताकत से इसका जवाब देगा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने के निर्देश भी दिए।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट