Bihar News: पटना में असुरक्षित हैं महिलाएं! चेन छिनतई की घटनाओं ने तोड़े रिकॉर्ड, बेलगाम अपराधियों का तांडव

Bihar News: बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चेन छिनतई की घटनाएं तो राज्य में लगातार बढ़ रहे हैं। जिससे अब महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है।

चेन छिनतई के बढ़ते मामले - फोटो : Reporter

Bihar News:  राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। लगातार बढ़ रही चेन छिनतई की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सामने आ रही है। एक के बाद एक चेन छिनतई के मामले सामने आ रहे हैं। जिससे महिलाओं में खौफ का माहौल है। ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र के कांग्रेस मैदान इलाके का है। जहां सोमवार शाम करीब साढ़े 8 बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। 

चेन छिनतई के बढ़ते मामले 

जानकारी अनुसार पीड़िता लोहानीपुर स्थित अपने अपार्टमेंट से खरीदारी के लिए निकली थीं। मंदिर में प्रसाद लेने के बाद जैसे ही वह सड़क किनारे फल खरीदने जा रही थीं, तभी पीछे से आए अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना में महिला को हल्की चोट भी आई है। घटना के बाद पीड़िता अपने अपार्टमेंट पहुंच अपने पति को सारी घटना की जानकारी दी। जिसके बाद कदमकुआं थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। 

सीसीटीवी फुटेज तलाश रही पुलिस 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाती है। फिलहाल अपराधी पुलिस के पकड़ से बाहर हैं और पुलिस अपराधियों की जल्द गिरफ्तार का दावा कर रही है। 

अप्रैल में आधा दर्जन से ज्यादा मामले

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, केवल अप्रैल महीने में कदमकुआं थाना क्षेत्र में चेन छिनतई के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। बावजूद इसके, अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि अब घर से निकलना भी असुरक्षित लगने लगा है।

पुलिस का दावा

पटना पुलिस का कहना है कि चेन छिनतई की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए नई रणनीति तैयार की गई है और जल्द ही अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, लगातार हो रही घटनाएं पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। महिलाएं घऱों से बाहर निकलने से बच रही है। बता दें कि इन दिनों कई इलाकों में अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट