Jamui Harassment Case: न्यूज4नेशन की खबर का बड़ा असर, जमुई छेड़खानी कांड पर महिला आयोग सख्त, बोलीं- रसूखदार भी नहीं बचेंगे

Jamui Harassment Case: जमुई में प्रेमी-प्रेमिका के साथ कथित अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद अब बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। ...

जमुई छेड़खानी कांड पर महिला आयोग सख्त- फोटो : reporter

Jamui Harassment Case:  जमुई में  प्रेमी-प्रेमिका के साथ कथित अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद अब बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। न्यूज4नेशन की खबर के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि जमुई में लड़की के साथ छेड़खानी के मामले की जानकारी आयोग को मिली है। यह वारदात 19 सितंबर की रात की बताई जा रही है, जबकि घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू की।

अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि महिला आयोग इस मामले में पूरी गंभीरता के साथ जानकारी जुटा रहा है। आयोग की टीम घटनास्थल पर जाएगी और पीड़िता से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी लेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी लोग इस वारदात में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए आयोग पहल करेगा।

उन्होंने कहा कि दोषी व्यक्ति कितना भी रसूखदार या प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा। महिला आयोग की ओर से जमुई के पुलिस अधीक्षक को पत्र और ई-मेल भेजकर मामले में कार्रवाई की जानकारी भी मांगी जाएगी।

महिला आयोग के इस रुख के बाद मामले में पुलिस कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो और पुलिस जांच के आधार पर कितने लोगों की पहचान होती है और आरोपितों के खिलाफ किस तरह की कानूनी कार्रवाई की जाती है।बता दें इस मामले में जमुई पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।डीएम और एसपी दोषियों पर शिकंजा कसने की बात पहले हीं कह चुके हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है, जबकि महिला आयोग की टीम के घटनास्थल और पीड़ित से मुलाकात के बाद मामले में आगे की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। 

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह