Bihar Police: 121 पुलिस अफसरों के कंधों पर सजे सितारे, नई जिम्मेदारी का आगाज

Bihar Police: पूर्णिया पुलिस के 121 नवपदोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों के कंधों पर नई रैंक का प्रतीक स्टार लगाकर उन्हें आधिकारिक तौर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अफसरों के कंधों पर सजे सितारे- फोटो : reporter

Bihar Police: पूर्णिया पुलिस केंद्र में 23 सितंबर को गरिमामय स्टार सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में पूर्णिया पुलिस के 121 नवपदोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों के कंधों पर नई रैंक का प्रतीक स्टार लगाकर उन्हें आधिकारिक तौर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस मौके पर पुलिस केंद्र का माहौल अनुशासन, गौरव और उत्साह से सराबोर नजर आया।

स्टार सेरेमनी के दौरान एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और वरीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नवपदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को नई रैंक प्रदान की गई। कंधों पर सितारे सजते ही अधिकारियों के लिए यह पल उनके सेवाकाल के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में सामने आया। पदोन्नति के साथ अब इन पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर कानून-व्यवस्था कायम रखने और आम अवाम की हिफाजत की अहम जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने सभी नवपदोन्नत अधिकारियों को मुबारकबाद और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों से कर्तव्य के प्रति पूरी ईमानदारी, अनुशासन और जवाबदेही के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ कानून का पालन कराना नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच भरोसा कायम करना भी है।

पदोन्नति के बाद अधिकारियों से उम्मीद की गई कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करेंगे और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। पूर्णिया पुलिस ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा, सेवा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है। स्टार सेरेमनी ने नवपदोन्नत अधिकारियों को नई ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ सेवा करने का संदेश दिया।

रिपोर्ट- अंकित कुमार