'नटवरलाल' का आतंक: फर्जी ATS अफसर बनकर डॉक्टर और रईसों से ठगे 10 करोड़, देशभर में 100 करोड़ का जाल

पूर्णिया में फर्जी ATS अफसर बन रोहित बाजपेयी नाम के ठग ने 10 करोड़ से अधिक की ठगी को अंजाम दिया. यह शातिर ठग डॉक्टर और व्यवसायी समेत कई प्रतिष्ठित लोगों को अपना शिकार बनाकर फरार हो गया. उसके द्वारा देशभर में 100 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी

फर्जी ATS अफसर बनकर डॉक्टर और रईसों से ठगे 10 करोड़- फोटो : news 4 nation

बिहार के पूर्णिया में एक शातिर ठग ने खुद को कभी विजिलेंस तो कभी ATS अधिकारी बताकर शहर के प्रतिष्ठित लोगों को चूना लगाया है। मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी रोहित बाजपेयी ने सहायक खजांची थाना क्षेत्र की टीचर कॉलोनी में किराए पर रहकर खुद को बड़ा अफसर बताया और लोगों का भरोसा जीत लिया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस ठग ने पूर्णिया के डॉक्टरों, व्यवसायियों और अपने मकान मालिक से करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है और पूरे परिवार के साथ फरार हो गया है।

रिश्तेदारी और रसूख का झांसा देकर लूटे लाखों के जेवर

इस ठग की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। उसने शहर के प्रसिद्ध डॉक्टर विनोद धारेवा की बीमार पत्नी के बहाने उनसे नजदीकी बढ़ाई और फिर पायलट के जरिए सामान पहुँचाने के नाम पर लाखों की ज्वेलरी लेकर रफूचक्कर हो गया। सिर्फ डॉक्टर ही नहीं, उसने भट्टा बाजार के एक व्यवसायी से रिश्तेदारी का झांसा देकर 3.5 लाख रुपये और अपने मकान मालिक (अधिवक्ता) से किश्तों में साढ़े चार लाख रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़ित उसके घर पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला।

देशभर में 100 करोड़ की ठगी का अनुमान, परिवार भी शामिल

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि रोहित बाजपेयी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि एक पेशेवर ठग है जिसका जाल पूरे देश में फैला है। उस पर बीकानेर, भुवनेश्वर, बनारस, गाजियाबाद और उज्जैन जैसे शहरों में भी लोगों को ठगने के आरोप हैं। वह कभी फर्जी टीटीई (TTE) तो कभी बड़ा अधिकारी बनकर ठगी करता है और इस पूरे खेल में उसका परिवार भी शामिल रहता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह अब तक देशभर में 100 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी कर चुका है।

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक खजांची थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि अधिवक्ता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अन्य पीड़ितों से भी संपर्क कर लिखित शिकायतें ली जा रही हैं। पुलिस ने आरोपी रोहित बाजपेयी और उसके परिवार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी झांसी में नकली टीटीई बनकर पकड़ा जा चुका है, जिससे साफ है कि वह आदतन अपराधी है।