दो पत्नियों के चक्कर में पूर्णिया में बस ड्राइवर की चाकू गोदकर दिनदहाड़े हत्या; पहली पत्नी के परिजनों पर आरोप

पूर्णिया में बस ड्राइवर जुगेश यादव की दिनदहाड़े चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. यह घटना मरंगा थाना क्षेत्र में हुई. परिजनों ने पहली पत्नी और उसके जीजा पर पारिवारिक विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है, जिसका तलाक का मामला कोर्ट में

बिहार के पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र में एक बस ड्राइवर की दिनदहाड़े चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मरंगा मिल्की निवासी जुगेश यादव के रूप में हुई है, जो पूर्णिया से रुपौली रूट पर 'कौटिल्य बस' का चालक था। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घायल जुगेश को स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा तुरंत पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

दो पत्नियों के फेर में हत्या का शक; पहली पत्नी और जीजा पर आरोप

परिजनों ने हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और दो शादियों के पेच को प्रमुख कारण बताया है। जुगेश ने दो शादियां की थीं और उसकी पहली पत्नी से तलाक का मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन था। परिजनों का सीधा आरोप है कि दोपहर के समय उसकी पहली पत्नी और उसके जीजा ने बस स्टैंड पहुँचकर जुगेश से झगड़ा किया था। इस दौरान उन्होंने जुगेश को 'अंजाम भुगतने' की धमकी भी दी थी, जिसके कुछ घंटों बाद ही उसकी हत्या कर दी गई।

ड्यूटी से लौटते समय घात लगाकर किया गया हमला

वारदात उस समय हुई जब शाम को जुगेश यादव अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था। घर से कुछ ही दूर पहले, अपराधियों ने घात लगाकर उसका रास्ता रोक लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से बुरी तरह गोदे जाने के कारण जुगेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस योजनाबद्ध हमले के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मरंगा थाना पुलिस अस्पताल पहुँची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद को प्राथमिक कारण माना जा रहा है, लेकिन सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है। परिजनों के बयानों और दोपहर के विवाद को आधार बनाकर पुलिस संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।