दिशा सालियान मौत मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर, सुशांत के परिजनों में जगी न्याय की उम्मीद

दिशा सालियान की मौत मामले की सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इसके बाद दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के परिजनों में न्याय की आस जगी है.......पढ़िए आगे

न्याय की आस - फोटो : ANKIT

PURNEA : दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला छह साल बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के कड़े निर्देश के बाद सीबीआई ने इस मामले में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि दिशा सालियान की संदिग्ध मौत के ठीक छह दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत की भी मृत्यु हुई थी, जिसके बाद से ही इन दोनों मामलों के आपस में जुड़े होने को लेकर लगातार सवाल और अटकलें लगाई जाती रही हैं।

सीबीआई द्वारा दिशा सालियान मामले में जांच की कमान हाथ में लेने के बाद सुशांत सिंह राजपूत के परिवार और उनके प्रशंसकों में न्याय की नई उम्मीद जागी है। सुशांत की मौत के मामले में सीबीआई की पूर्व की जांच पर परिवार और फैंस लगातार सवाल उठाते रहे हैं। अब उन्हें उम्मीद है कि दिशा मामले की निष्पक्ष जांच से यदि कोई नया तथ्य या सुराग सामने आता है, तो उससे दोनों घटनाओं के बीच के संभावित संबंधों की परतें खोलने में बड़ी मदद मिलेगी। इस घटनाक्रम पर सुशांत के परिवार की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। सुशांत के भाई पन्ना सिंह ने खुलकर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस पूरे मामले में बड़े और रसूखदार लोग शामिल हैं। उन्होंने सीधे तौर पर आदित्य ठाकरे पर आरोप लगाते हुए उन्हें इस मामले में दोषी बताया है। परिवार का मानना है कि निष्पक्ष जांच होने पर ही सच सामने आ सकेगा और पर्दे के पीछे छिपे प्रभावशाली चेहरों का पर्दाफाश होगा।

सीबीआई जांच शुरू होने की खबर से सुशांत सिंह राजपूत के पैतृक गांव, बिहार के पूर्णिया जिले स्थित 'मलड़िहा' में भी हलचल तेज हो गई है। गांव के लोग और स्थानीय निवासी इस नए मोड़ पर लगातार चर्चा कर रहे हैं और सुशांत के लिए न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पूरे इलाके में इस बात को लेकर संतोष है कि सालों बाद ही सही, लेकिन सच को सामने लाने की दिशा में एक ठोस कदम उठाया गया है।

वहीं, इस मामले पर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर से भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने बयान देते हुए कहा कि न्याय मिलने में भले ही देरी हुई है, लेकिन केवल सुशांत को ही नहीं बल्कि पूरे बिहार वासियों को न्याय मिलेगा। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि कोर्ट के निर्देश पर हो रही इस सीबीआई जांच से सच जल्द ही सबके सामने आएगा।

अंकित की रिपोर्ट