Bihar Crime : पूर्णिया में मेला देखने गई मासूम से दुष्कर्म, पड़ोसी ने दिया वारदात को अंजाम, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar Crime : पूर्णिया में हैवानियत की हद को पार करते हुए पडोसी ने 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे

मासूम से दुष्कर्म - फोटो : ANKIT

PURNEA : बिहार के पूर्णिया जिले से हैवानियत भरा मामला सामने आया है, जहां एक पड़ोसी ने 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है। गनीमत यह रही कि बच्ची को समय पर इलाज मिल गया और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मेला देखने गई थी बच्ची, बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी

पीड़ित बच्ची के पिता के अनुसार, रात के वक्त मासूम अपने घर के पास ही मेला देखने गई हुई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 18 वर्षीय युवक की नजर उस पर पड़ी। आरोपी ने मासूम को अपनी गोद में उठाया और बहला-फुसलाकर पास ही स्थित एक डिपो के पास ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दरिंदगी की, जिससे मासूम की हालत बिगड़ गई और वह चीखने-चिल्लाने लगी।

चीख सुनकर पहुंचे परिजन, रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। वहां का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आरोपी युवक मासूम के साथ गलत काम कर रहा था। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही घेरकर धर दबोचा और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।  सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। सदर एसडीपीओ (SDPO) अभिनव पराशर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच की जा रही है।

इलाके में आक्रोश, फांसी की सजा की मांग

3 साल की बच्ची के साथ हुई इस खौफनाक वारदात से स्थानीय लोगों और परिजनों में गहरा गुस्सा है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्पीडी ट्रायल के तहत आरोपी को फांसी की सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अंकित की रिपोर्ट