कोसी स्नातक निर्वाचन 2026: एनडीए प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव ने भरा नामांकन, दिग्गजों ने किया जीत का दावा

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NDA के प्रत्याशी डॉ. एन. के. यादव ने बुधवार को अपना नामांकन पर्चा भरा। इस दौरान बड़ी संख्या में बिहार सरकार के मंत्री और एनडीए विधायक मौजूद रहे और सभी ने डॉ. एन. के. यादव की जीत का दावा किया.....

NDA के प्रत्याशी डॉ. एन. के. यादव ने भरा नामांकन पर्चा- फोटो : अंकित कुमार

purnia : कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र 2026 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशी डॉक्टर एन. के. यादव ने बुधवार को प्रमंडलीय कार्यालय में प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ बिहार सरकार के आधा दर्जन से अधिक वरिष्ठ मंत्री और एक दर्जन से अधिक एनडीए विधायक उपस्थित रहे। नामांकन के पश्चात एनडीए नेताओं और उम्मीदवार ने कोसी क्षेत्र के विकास और जनसमर्थन के बल पर अपनी प्रचंड जीत का दावा किया।


पूर्णिया कलाभवन में एनडीए कार्यकर्ताओं का महाजुटान, जनसभा में भरी हुंकार

प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष पर्चा दाखिल करने से पूर्व पूर्णिया स्थित कलाभवन में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में पहुंचे कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। उम्मीदवार डॉ. एन.के. यादव ने कहा कि जनसभा में उमड़ा जनसैलाब और मिला समर्थन इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि उनकी जीत पूरी तरह सुनिश्चित है।


तीसरी बार चुनावी मैदान में डॉ. यादव, क्षेत्र में किया अभूतपूर्व विकास: दिलीप जायसवाल

पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि डॉ. एन.के. यादव तीसरी बार एनडीए के उम्मीदवार बने हैं और इससे पहले भी दो बार इस क्षेत्र का कुशल प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव के मिलनसार स्वभाव और उनके द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों से सभी परिचित हैं। वहीं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी डॉ. यादव को अग्रिम बधाई देते हुए उनके जीत के प्रति विश्वास व्यक्त किया।


डबल इंजन सरकार और सरल व्यक्तित्व जीत की गारंटी: लेशी सिंह

भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने डॉ. एन.के. यादव के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वे अत्यंत सरल और मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में चल रही डबल इंजन की सरकार विकास की पूर्ण गारंटी देती है, यही कारण है कि जनता एक बार फिर डॉ. यादव के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाएगी।


बिहार की सभी चार स्नातक सीटों पर एनडीए की जीत तय: श्रवण कुमार

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में चार जगहों पर स्नातक निर्वाचन चुनाव हो रहे हैं और राज्य के विकासपरक माहौल को देखते हुए सभी सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत तय है। इस अवसर पर पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र सहित अन्य मंत्रियों और विधायकों ने भी अपने विचार रखे और एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने की अपील की।


अंकित की रिपोर्ट