पूर्णिया में वज्रपात का कहर: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बच्ची और वृद्धा की मौत, तीन महिलाएं झुलसीं

पूर्णिया जिले में बुधवार को आकाश से मौत बरसी। जिले के दो अलग-अलग घटनाओं में वज्रपात से बच्ची और वृद्धा की मौत हो गई। वहीं तीन महिलाएं समेत कई मवेशी घायल हो गए। जिनका इलाज चल रहा है....

पूर्णिया में वज्रपात का कहर- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Purnia : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां आकाशीय बिजली कहर से कई घरों में मातम फैल गया है। जिले के मरंगा थाना क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की अलग-अलग घटनाओं में एक 10 वर्षीय बालिका और एक 60 वर्षीय वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि तीन मवेशियों की भी जान चली गई। घटना के बाद से संबंधित इलाकों में शोक और मातम पसरा हुआ है।


मखाना चुन रही महिलाओं पर गिरी बिजली, वृद्धा की मौत और तीन घायल

मिली जानकारी के अनुसार केनगर प्रखंड क्षेत्र के सहरा पंचायत अंतर्गत छोटी सहरा में कुछ महिलाएं मखाना की गुड़ी चुनने के लिए बहियार गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक हुई मूसलाधार बारिश और गरज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की सीधी चपेट में आने से पनझलिया देवी (60 वर्ष), पति हरिबू ऋषि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में रेखा देवी, फुदो देवी और शकुनियां देवी गंभीर रूप से झुलसकर जख्मी हो गईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया है।


जोतलखाय गांव में 10 वर्षीय बालिका की मौत, तीन मवेशियों की भी जान गई

वहीं दूसरी घटना मरंगा थाना क्षेत्र के ही रहुआ पंचायत स्थित जोतलखाय गांव में घटी। यहां घर के बाहर मौजूद 10 वर्षीय बालिका मनीषा कुमारी (पिता चंदन यादव) अचानक वज्रपात की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, इसी पंचायत में वज्रपात से मवेशियों का भी भारी नुकसान हुआ है। जोतलखाय निवासी ब्रह्मदेव यादव का एक बछड़ा तथा कल्याणपुर निवासी श्याम लाल शर्मा की दो दुधारू भैंसों की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।


प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा, मुआवजे की उठी मांग

इन दर्दनाक घटनाओं की सूचना मिलते ही केनगर अंचलाधिकारी अजीत कुमार झा और राजस्व कर्मचारी सूरज कुमार ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासनिक रिपोर्ट तैयार की। सहरा पंचायत की मुखिया रतन देवी, पंचायत समिति सदस्य सुनील कुमार पासवान और ज्योतिष साह ने अंचलाधिकारी से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन कोष से अविलंब चार-चार लाख रुपये का मुआवजा और घायलों को उचित सरकारी सहायता प्रदान की जाए।