15 दिन से 16 वर्षीय युवती के गायब होने पर खासपुर में आक्रोश,परिजनों ने लगाया मनेर पुलिस पर लापरवाही का आरोप

पटना के मनेर अंतर्गत खासपुर के पास परिजनों और ग्रामीणों ने मनेर-दानापुर मुख्य मार्ग को 3 घंटे तक जाम रखा। 31 जुलाई को जक्कनपुर (पटना) फुआ के घर गई 16 वर्षीय किशोरी 6 अगस्त से रहस्यमयी ढंग से गायब है।

15 दिन से 16 वर्षीय युवती के गायब होने पर खासपुर में आक्रोश- फोटो : Reporter

पटना के मनेर क्षेत्र से 15 दिनों से लापता 16 वर्षीय युवती का अब तक कोई सुराग न मिलने से आक्रोशित परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को बड़ी संख्या में परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने खासपुर के पास मनेर-दानापुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। गुस्साए लोग जल्द से जल्द युवती की सुरक्षित बरामदगी और मामले में त्वरित पुलिस कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

3 किलोमीटर तक लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग

मनेर-दानापुर मुख्य मार्ग पर तीन घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर लगभग तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई एंबुलेंस, दैनिक यात्री और दूर-दराज जाने वाले लोग घंटों भीषण गर्मी और जाम में फंसे रहे। जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ दानापुर-2 अमरेंद्र कुमार झा और आसपास के थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

पटना में फुआ के घर से गायब हुई थी युवती, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप

प्राप्त विवरण के अनुसार, खासपुर निवासी 16 वर्षीय युवती 31 जुलाई को पटना के जक्कनपुर स्थित अपनी फुआ के घर गई थी, जहां से वह 6 अगस्त को रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई। युवती की मां ने खासपुर के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए जक्कनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों का गंभीर आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और आरोपी को पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया।


पुलिस की मुस्तैदी और आश्वासन के बाद हटा जाम

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामला जक्कनपुर थाने से जुड़ा है और संबंधित थाना पुलिस लड़की की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के ठोस कार्रवाई के आश्वासन और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।