पूर्णिया के बड़हरा कोठी में दूसरी बार मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा : हथियारों के साथ संचालक गिरफ्तार
पूर्णिया जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिस घर से इस मिनी गन फैक्ट्री पकड़ी गई है यह दूसरी बार है। पुलिस ने मौके से संचालक को गिरफ्तार कर लिया है....
Purnia : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखासन कोठी गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेखर सिंह के घर से दूसरी बार मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए गृहस्वामी शेखर प्रसाद सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
धमदाहा एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में हुई छापेमारी
धमदाहा एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल का स्लाइडर, दो लोहे के बैरल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली ड्रिल व ग्राइंडर मशीन सहित कई अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
वर्ष 2024 में भी इसी घर से पकड़ी गई थी मिनी गन फैक्ट्री
एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शेखर सिंह का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में भी सुखासन कोठी स्थित उसके इसी घर पर छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया था, जहां से कारतूस, नकदी और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए थे और उसे जेल भेजा गया था।
आरोपी के बेटों और सहयोगी की संलिप्तता की भी हो रही जांच
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इस अवैध हथियार निर्माण और खरीद-बिक्री के कारोबार में शेखर सिंह के अलावा उसके दो बेटों और मंटू यादव नाम के व्यक्ति के भी शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों की भूमिका और उनके नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है।
हथियार तस्करी के पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी पुलिस
जेल से छूटने के बाद आरोपी द्वारा दोबारा इसी अवैध धंधे में शामिल होने को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यहां तैयार किए जा रहे अवैध हथियार किन-किन आपराधिक गिरोहों को सप्लाई किए जाने थे। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई और अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।