Bihar Politics: गृह मंत्री के सीमांचल दौरे पर सियासी तीर, पप्पू यादव ने अमित शाह को याद दिलाया वादा, फैक्ट्री और विशेष पैकेज की उठी मांग
Bihar Politics: अमित शाह के सीमांचल दौरे के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।...
Bihar Politics: अमित शाह के सीमांचल दौरे के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए गृह मंत्री को चुनावी वादों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जब चुनावी मौसम था, तब पूर्णिया और आसपास के किसानों को मक्का और मखाना आधारित फैक्ट्री देने का एलान किया गया था, अब वक्त है कि उस वादे को जमीन पर उतारा जाए।
पप्पू यादव ने दो टूक कहा कि सीमांचल के किसान मखाना और मक्का की पैदावार में देशभर में पहचान रखते हैं, मगर प्रोसेसिंग यूनिट और उद्योग के अभाव में उन्हें उचित दाम नहीं मिल पाता। ऐसे में यहां फैक्ट्री लगाना महज वादा नहीं, बल्कि हक है। उन्होंने सीमांचल के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की भी मांग की, ताकि क्षेत्र की तकदीर बदली जा सके।
सियासी तंज कसते हुए पप्पू यादव ने विधानसभा में एक मंत्री के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें सभी नेताओं की “फाइल” होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि अगर फाइल है तो उसे दबाकर रखने के बजाय सार्वजनिक किया जाए। “सच सामने आएगा तो सियासत का चेहरा भी बेनकाब होगा,” उन्होंने कहा। साथ ही यह भी जोड़ा कि बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही डरे हुए नजर आते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन द्वारा राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर पप्पू यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी है, और भाजपा के पास अपना ठोस एजेंडा नहीं है, इसलिए वह उन्हें निशाना बनाती रहती है।
पप्पू यादव ने पटना में हुए नीट छात्र की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने यह मुद्दा उठाया तो उनके खिलाफ साजिश रची गई और उनकी सुरक्षा घटा दी गई। सीमांचल दौरे के बीच यह सियासी बयानबाजी आने वाले दिनों में और गरमाने के संकेत दे रही है।
रिपोर्ट- अंकित कुमार