Bihar News : पूर्णिया में कबाड़ की दुकान से 21 किलो चोरी का तांबा पुलिस ने किया बरामद, संचालक समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने दुकान से भारी मात्रा में चोरी का तांबा बरामद किया गया है। साथ ही मौके से दुकान संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

चोरी का ताम्बा बरामद - फोटो : ANKIT

PURNEA : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कबाड़ की एक दुकान में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान दुकान से भारी मात्रा में चोरी का तांबा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का सामान जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को सूचना प्राप्त हुई थी कि बेलौरी स्थित अनचित साह स्कूल के सामने एनएच-131ए (NH-131A) के पश्चिमी लेन के पास संचालित 'सीमांचल एंटरप्राइजेज' कबाड़ी दुकान में चोरी का सामान खरीद-बिक्री के लिए लाया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान की घेराबंदी की और छापेमारी को अंजाम दिया।

दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस को तांबे के तार और एसी के तांबे वाले पाइप बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर बरामद तांबे का कुल वजन 21 किलोग्राम 750 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सामान की खरीदारी व स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई भी संतोषजनक कागजात या जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके।

कड़ी पूछताछ में मामला स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को चोरी का सामान रखने और बेचने के आरोप में विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हबीब उर्फ बबलू (38 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-43, थाना मुफस्सिल (पूर्णिया) तथा जतन पाल (50 वर्ष), निवासी खुश्कीबाग मिलन पाड़ा, वार्ड नंबर-41, थाना सदर (पूर्णिया) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर मालखाने में जमा करा दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां से जुड़े हुए हैं।

अंकित की रिपोर्ट