Chhath Puja Purnea Tension: संध्या अर्घ्य के बाद असामाजिक तत्वों ने ढाया कहर, तहस-नहस किया छठ घाट; एसडीपीओ-एसडीएम मौके पर मौजूद

पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिक्रमपुर पंचायत में असामाजिक तत्वों ने छठ पूजा का घाट तहस-नहस कर दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया।मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को संभाला

पूर्णिया में छठ घाट उजाड़े जाने पर भड़के ग्रामीण, बेलौरी-सोनौली मार्ग पर हंगामा- फोटो : Reporter

बिहार के पूर्णिया जिले से लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर एक बड़ी और तनावपूर्ण खबर सामने आई है। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर जब श्रद्धालु अपने घर लौटे, तो उन्हें इस बात की जानकारी मिली कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिक्रमपुर पंचायत के परमानंदपुर रजवाड़ी टोला स्थित वार्ड संख्या पांच में बने छठ घाट को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तहस-नहस कर दिया गया है। 


सजावट और घाट को क्षतिग्रस्त देख भड़के ग्रामीण, इलाके में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही लोग दौड़ते-भागते मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि न सिर्फ घाट की खूबसूरत सजावट को पूरी तरह उजाड़ा गया है, बल्कि घाट के किनारों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जब स्थानीय स्तर पर इस नापाक हरकत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की गई और कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।   


बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग पर आगजनी और प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का साफ तौर पर कहना था कि यह किसी मौसम या पशुओं की हरकत नहीं है, बल्कि कुछ लोगों द्वारा सोची-समझी साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया है। ग्रामीण तुरंत दोषियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।   


प्रशासनिक महकमे में हड़कंप, सदर एसडीपीओ और एसडीएम ने संभाला मोर्चा 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम एक तरफ जहां युद्ध स्तर पर छठ घाट को दोबारा ठीक करने और सुधारने में जुटी है, वहीं सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर और एसडीएम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। अधिकारी गुस्साए लोगों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के लगातार प्रयास कर रहे हैं।