पूर्णिया मर्डर मिस्ट्री: महिला की संदिग्ध मौत का 3 दिन में खुलासा, प्रेमी ही निकला कातिल, ऐसे खुला राज!

Purnea Crime News: पूर्णिया के बनमनखी में महिला की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने किया खुलासा।बनमनखी थाना क्षेत्र में हुई महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए महज 3 दिन में सुलझा लिया है।

पूर्णिया महिला की संदिग्ध मौत का 3 दिन में खुलासा- फोटो : Reporter

पूर्णिया पुलिस ने बनमनखी थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी मोहम्मद सहाद को त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 मई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरी वारदात प्रेम प्रसंग और पैसों के लेन-देन के गंभीर विवाद से जुड़ी हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया है।


ससुराल वालों पर था शक, वैज्ञानिक अनुसंधान से सामने आया सच

दरअसल, बीते 20 मई 2026 को बनमनखी थाना क्षेत्र के हरिपुरमदी विकोदर टोला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने उसके ससुराल वालों पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया था। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए।


प्रेम प्रसंग और पैसों के लेन-देन के विवाद में हुई हत्या

मामले की गहराई से जांच के लिए जब पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान (सायबर और सर्विलांस टीम की मदद) शुरू किया, तो कहानी में एक नया मोड़ आया। तकनीकी विश्लेषण और मिले सबूतों के आधार पर यह साफ हो गया कि मृतका का मोहम्मद सहाद नामक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आगे की तफ्तीश में यह बात भी खुलकर सामने आई कि इन दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेन-देन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था।


एसपी ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस, अन्य बिंदुओं पर जांच जारी

पूर्णिया की एसपी स्वीटी शेरावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि घटना वाली रात आरोपी मोहम्मद सहाद मृतका के घर पहुंचा था, जहां दोनों के बीच फिर से विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी हत्या करके मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि हालांकि मुख्य आरोपी पकड़ा जा चुका है, लेकिन इस घटना में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता है, इसलिए सभी बिंदुओं पर पुलिस की गंभीरता से जांच अभी भी जारी है।

रिपोर्ट - अंकित कुमार