Purnea News: बंगाल से लाई जा रही 3 लाख की विदेशी शराब जब्त, XUV कार के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

पूर्णिया के कस्बा थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से XUV 300 कार में लाई जा रही करीब 3 लाख रुपये मूल्य की 170 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। मौके से अंतरराज्यीय गिरोह के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।सदर 2 sdpo डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि स्थानीय.....

बंगाल से लाई जा रही 3 लाख की विदेशी शराब जब्त- फोटो : Reporter

पूर्णिया जिले की कस्बा थाना पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप लग्जरी गाड़ी के जरिए कस्बा इलाके में स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी और सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।


XUV 300 कार से 170 लीटर शराब बरामद

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदेहास्पद महिंद्रा XUV 300 कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें गुप्त रूप से छिपाई गई 170 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी XUV गाड़ी को जब्त कर लिया और उसमें सवार दोनों तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।


अंतरराज्यीय गिरोह के दो कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

मामले की जानकारी देते हुए सदर टू एसडीपीओ (SDPO) डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान पमपम यादव और रमेश मेहता के रूप में हुई है। यह दोनों शातिर अपराधी अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जो लंबे समय से पश्चिम बंगाल से सस्ती शराब लाकर बिहार के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने का अवैध धंधा कर रहे थे।


स्थानीय शराब नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार ने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस अब उन स्थानीय तस्करों की पहचान करने में लगी है, जिन्हें यह खेप डिलीवर की जानी थी। पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क से जुड़े स्थानीय शराब माफियाओं को भी चिन्हित कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्णिया से अंकित कुमार की रिपोर्ट