Bihar Crime : पूर्णिया पुलिस ने हथियार तस्करों पर कसा शिकंजा, दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 5 देसी कट्टा और जिंदा कारतूस किया बरामद
Bihar Crime : पूर्णिया में जलालगढ़ थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना पर दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच देसी कट्टा, 11 कारतूस और एक मोबाइल भी बरामद हुआ है ।
PURNEA : पूर्णिया पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जलालगढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में तस्करों के पास से कुल पांच देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर सरसोनी गांव में छापेमारी
मामले की जानकारी देते हुए पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉक्टर शौर्य सुमन ने बताया कि जलालगढ़ थाना पुलिस को इलाके में अवैध हथियार बेचने वाले अपराधियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरसोनी गांव में छापेमारी की, जहां नीरज कुमार तत्मा के घर से चार देसी कट्टा, 11 कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद हुआ।
चक गांव से दूसरा तस्कर गिरफ्तार
सरसोनी में मिली सफलता के बाद पुलिस टीम ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए जलालगढ़ थाना क्षेत्र के ही चक गांव में भी दबिश दी। वहां से रमेश चौहान नामक दूसरे तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों की सप्लाई का काम करते थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस गिरोह से जुड़े उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने इस सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस छापेमारी अभियान में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
अंकित की रिपोर्ट