IB Raid in Purnia: व्हाट्सएप के जरिए भेज रहा था देश की गोपनीय जानकारी, एनआईए और एसटीएफ भी जांच में जुटी

पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र में आईबी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान और देश के अन्य हिस्सों से जुड़े कट्टरपंथी नेटवर्क के संदिग्ध शाहिद अख्तर को मोबाइल-लैपटॉप के साथ दबोचा गया है।

पूर्णिया में आईबी और सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा एक्शन,इस्लामिक कट्टरपंथी नेटवर्क का पर्दाफाश- फोटो : Reporter

पूर्णिया जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक बेहद संवेदनशील मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आईबी की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला स्थित एक संदिग्ध युवक के घर पर अचानक ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने एक युवक को मौके से दबोच लिया तथा उसका मोबाइल और लैपटॉप भी अपने कब्जे में ले लिया है।


शाहिद अख्तर के रूप में हुई पहचान, 2025 से कट्टरपंथी ग्रुप से था जुड़ा

गिरफ्तार किए गए संदिग्ध युवक की पहचान मधुबनी के काली प्रसाद यादव टोला निवासी शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर के रूप में हुई है। केंद्रीय जांच एजेंसियों की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शाहिद अख्तर वर्ष 2025 से ही एक इस्लामिक कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ा हुआ था और संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय था।


पाकिस्तान, हैदराबाद और पश्चिम बंगाल तक फैला था खतरनाक नेटवर्क

जांच में यह बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है कि इस खतरनाक नेटवर्क के तार केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि सीमा पार भी जुड़े थे। इस ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों के कई संदिग्ध लोग भी शामिल थे। यह पूरा नेटवर्क देश विरोधी और संदिग्ध इस्लामिक गतिविधियों को गुप्त रूप से अंजाम देने की साजिश में लगातार जुटा हुआ था।


सोशल मीडिया के जरिए संवेदनशील जानकारियां देश-विदेश भेजने का आरोप

शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (विशेषकर व्हाट्सएप ग्रुप) के माध्यम से देश की सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां लगातार देश-विदेश के अन्य संदिग्ध हैंडलर्स के साथ साझा कर रहा था। पुख्ता डिजिटल सबूत और पुख्ता खुफिया इनपुट हाथ लगने के बाद यह संदिग्ध लंबे समय से आईबी के रडार पर था, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।


एनआईए और बिहार एसटीएफ की टीमें भी पहुंचीं, जांच का दायरा विस्तृत

युवक की गिरफ्तारी के बाद मामले की अत्यधिक गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा काफी बड़ा कर दिया गया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बिहार एसटीएफ की टीमें भी तुरंत पूर्णिया पहुंच चुकी हैं। फिलहाल सभी केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियां संयुक्त रूप से इस पूरे देश विरोधी नेटवर्क की एक-एक परत को खंगालने में जुटी हुई हैं।

पूर्णिया से अंकित कुमार की रिपोर्ट