Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक के साथ महिला तस्कर को किया गिरफ्तार, 5 लाख से अधिक नकद किया जब्त

Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में स्मैक, पांच लाख रुपये से अधिक नकद और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।

लाखो रूपये का स्मैक जब्त - फोटो : ANKIT

PURNEA : बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मरंगा थाना क्षेत्र के शक्तिनगर मोहल्ले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में स्मैक, 5 लाख रुपये से अधिक नकद और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की रात पुलिस को विशेष सूचना मिली थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 स्थित शक्तिनगर मोहल्ले में किरण देवी और उसके पुत्र आनंद चौधरी द्वारा बड़े पैमाने पर स्मैक की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर सदर-1 एसडीपीओ अभिनव पराशर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

गठित संयुक्त टीम—जिसमें दंडाधिकारी, डीआईयू (DIU) टीम और मरंगा थाना पुलिस शामिल थी—ने आरोपी के घर पर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने घर की तलाशी लेकर कुल 856.06 ग्राम स्मैक, 5,05,090 रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने मौके से आरोपी महिला किरण देवी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में मरंगा थाना में कांड संख्या 467/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की गहन छानबीन में जुटी है कि इस अवैध नशे के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इस सिंडिकेट का विस्तार कहाँ-कहाँ तक फैला हुआ है। इस पूरी सफल कार्रवाई में एसडीपीओ अभिनव पराशर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार सहित डीआईयू और सशस्त्र बल के अन्य अधिकारी व जवान शामिल रहे। पूर्णिया पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में ड्रग्स के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलियॉं माना जा रहा है।

अंकित की रिपोर्ट