Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का किया पर्दाफाश, 27 क्विंटल तार के साथ 6 बदमाशों को किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के पूर्णिया जिले की पुलिस ने बिजली के तारों की चोरी करने वाले एक बड़े अंतरजिला सक्रिय चोर गिरोह का उद्भेदन करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है।

अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश - फोटो : ANKIT

PURNEA : पूर्णिया पुलिस ने बिजली के तारों की चोरी करने वाले एक अंतरजिला सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने अररिया जिले के रहने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 27 क्विंटल यानी 2700 किलोग्राम एल्युमिनियम और कॉपर के तार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो, एक पिकअप वाहन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तार काटने के दो उपकरण और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूर्णिया शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली के तार और अन्य बिजली उपकरणों की चोरी करने की बात स्वीकार की है।

दरअसल, बीते 5 अक्टूबर 2026 की रात केनगर थाना क्षेत्र के गोखलपुर परसिया रहिका बहियार में कृषि पटवन के लिए लगाए गए 11 केवी थ्री-फेज रैबिट कंडक्टर तार की अज्ञात अपराधियों ने चोरी कर ली थी। चोरी किए गए तार की कुल लंबाई करीब 8 किलोमीटर 20 मीटर बताई गई थी।इस मामले में केनगर थाना में 10 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 319/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और बिजली अधिनियम की धारा 136 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2  डॉ गौरव कुमार के नेतृत्व में केनगर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई यानी डीआईयू की टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।लगातार छापेमारी और अनुसंधान के बाद पुलिस ने इस चोरी कांड का सफल उद्भेदन करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरजिला स्तर पर सक्रिय बिजली तार चोर गिरोह का खुलासा हुआ है।

 पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2700 किलोग्राम एल्युमिनियम और कॉपर के तार बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक स्कॉर्पियो, एक पिकअप वाहन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तार काटने के दो उपकरण और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने इस कांड के अलावा पूर्णिया शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली के तार और अन्य बिजली सामग्रियों की चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।गिरफ्तार आरोपियों के नाम गिरफ्तार आरोपियों में अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले पवन साह, अनिल कुमार, मानिक चंद कुमार, नितीश कुमार, कुंदन कुमार मंडल और रोशन कुमार शामिल हैं।पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं में इनकी संलिप्तता के संबंध में भी जांच कर रही है। छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस सफल कार्रवाई में सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार, केनगर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अजय कुमार अजनबी, पु०अ०नि० रूपाली कुमारी, प्र०पु०अ०नि० गुलशन कुमार, पु०अ०नि० भजनल हक, पु०अ०नि० विजेंद्र कुमार सिंह, केनगर थाना के सशस्त्र बल और जिला आसूचना इकाई पूर्णिया की टीम शामिल रही। फिलहाल पूर्णिया पुलिस की इस कार्रवाई को बिजली के तारों की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और ऐसे अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

अंकित की रिपोर्ट