Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने 40 लाख का स्मैक किया बरामद, 3 तस्कर और दो होमगार्ड जवानों को किया गिरफ्तार, प्रभारी पर भी दर्ज हुई एफआईआर

Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने करीब 40 लाख रुपए मूल्य के 406 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करो विशाल कुमार, सनी कुमार और कालियाचक मालदा निवासी सुभान शेख को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

40 लाख का स्मैक बरामद - फोटो : ANKIT

PURNEA : बिहार की पूर्णिया पुलिस ने नशे के कारोबार और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के 406 ग्राम स्मैक के साथ तीन अंतरराज्यीय स्मैक तस्करों—विशाल कुमार, सनी कुमार और पश्चिम बंगाल के कालियाचक  निवासी सुभान शेख—को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान तस्करों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने तस्करी में मिलीभगत और घूस लेने के आरोप में मद्य निषेध विभाग के दो होमगार्ड जवानों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर शौर्य सुमन ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान एक बड़ा सनसनीखेज खुलासा किया। तस्करों ने स्वीकार किया कि दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात मद्य निषेध विभाग के होमगार्ड जवान आकाश उरांव, ब्रजकिशोर कुमार और राजकिशोर कुमार 70 हजार रुपये की रिश्वत लेकर स्मैक और अवैध शराब की खेप सीमा पार करवाते थे। वे पहले भी पैसे लेकर लगातार तस्करी कराने का काम करते आ रहे थे।

तस्करों के इस खुलासे के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस टीम ने दालकोला चेकपोस्ट पर छापेमारी की। जाँच के क्रम में होमगार्ड जवान आकाश उरांव के पास से ₹55,000 की नकद राशि बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दालकोला चेकपोस्ट से दोनों होमगार्ड जवानों, आकाश उरांव और ब्रजकिशोर कुमार, को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तस्करों और जवानों के पास से कुल मिलाकर ₹95,000 नकद, 406 ग्राम स्मैक, एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने आगे बताया कि गिरफ्तार जवानों ने पूछताछ में यह भी स्वीकारा है कि वे दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात मद्य निषेध विभाग के प्रभारी दुर्गेश कुमार को भी रिश्वत का हिस्सा देते थे। इस संलिप्तता के आधार पर विभाग के प्रभारी दुर्गेश कुमार को भी संदिग्ध मानते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। एसएसपी ने याद दिलाया कि कुछ दिनों पूर्व हुई छापेमारी में भी दालकोला चेकपोस्ट के एक डाटा एंट्री ऑपरेटर का नाम स्मैक तस्करी में सामने आया था।

पूर्णिया एसएसपी ने पुलिस और मद्य निषेध विभाग के कर्मियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कानून से बढ़कर कोई नहीं है। यदि कोई भी पुलिसकर्मी या सरकारी कर्मचारी इस तरह की अवैध गतिविधियों या तस्करी में शामिल पाया जाएगा, तो उसके विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए कठोरतम कानूनी व विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से तस्करी सिंडिकेट और भ्रष्ट कर्मियों में हड़कंप मच गया है।


अंकित की रिपोर्ट