Bihar Rahul Gandhi visit: बिहार में सत्ता संग्राम के बीच पूर्णिया में राहुल गांधी की एंट्री, छोटा दौरा, बड़ा असर! जानिए क्यों खास है ये विजिट

Bihar Rahul Gandhi visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने ट्रांजिट विजिट के दौरान पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोशो-खरोश के साथ स्वागत किया।

बिहार में सत्ता संग्राम के बीच पूर्णिया में राहुल गांधी की एंट्री- फोटो : reporter

Bihar Rahul Gandhi visit: बिहार की सियासत में जहां सत्ता परिवर्तन की हलचल तेज है, वहीं पूर्णिया की सरज़मीं पर आज एक अलग ही सियासी नज़ारा देखने को मिला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने ट्रांजिट विजिट के दौरान पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोशो-खरोश के साथ स्वागत किया। राहुल गांधी जिंदाबाद और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा, मानो सियासत का नया पैगाम हवा में तैर रहा हो।

यह दौरा भले ही संक्षिप्त था, लेकिन इसके सियासी मायने काफी गहरे माने जा रहे हैं। हवाई अड्डे पर सैकड़ों की तादाद में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया, जिससे साफ झलकता है कि जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने की कोशिश की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी पूर्णिया से हेलीकॉप्टर के जरिए पश्चिम बंगाल के रायगंज के लिए रवाना हुए, जहां वह एक अहम चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में उनकी नजर आने वाले चुनावों पर रणनीति तय करने और केंद्र सरकार की नीतियों पर सियासी हमला बोलने पर रहेगी।

इस मौके पर पूर्णिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष अफरोज आलम ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा संगठन के लिए बेहद अहम है। उन्होंने बताया कि इस दौरान संगठन को मजबूत करने और विस्तार देने को लेकर विस्तृत बातचीत हुई है। अफरोज आलम के मुताबिक, राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया है कि पार्टी स्तर से पूर्णिया कांग्रेस को हर संभव मदद दी जाएगी, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।

उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है और देशभर में पार्टी के प्रति जनता का विश्वास फिर से कायम हो रहा है। पूर्णिया में भी संगठन को जमीनी स्तर पर और ज्यादा सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो राहुल गांधी का यह ‘ट्रांजिट विजिट’ दरअसल एक सियासी संदेश है कि कांग्रेस अब छोटे-छोटे मौकों को भी बड़े राजनीतिक अवसर में बदलने की रणनीति पर काम कर रही है।

कुल मिलाकर, पूर्णिया में राहुल गांधी का यह संक्षिप्त दौरा कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और जोश का कारण बना है। आने वाले चुनावी मौसम में यह उत्साह किस तरह वोट में तब्दील होता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

रिपोर्ट- अंकित कुमार