Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, अधिकारी के बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से 10 लाख का स्मैक किया बरामद, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : पूर्णिया की सदर थाना की पुलिस ने सिविल सर्जन मधेपुरा का बोर्ड लगे स्कॉर्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में स्मैक पकड़ा है। पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को भी गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

10 लाख का स्मैक बरामद - फोटो : ANKIT

PURNEA : बिहार की पूर्णिया जिला पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सदर थाना की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सिविल सर्जन मधेपुरा का आधिकारिक बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो शातिर स्मैक तस्करों को भी दबोचा है। बरामद की गई स्मैक की कुल मात्रा 800 ग्राम बताई जा रही है, जिसे तस्कर बेहद शातिराना अंदाज में सरकारी बोर्ड लगी गाड़ी का इस्तेमाल कर ठिकाने लगाने की फिराक में थे।

मामले का खुलासा करते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि पुलिस को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर सदर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जब पुलिस ने मधेपुरा सिविल सर्जन के बोर्ड वाली उक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से सर्विस रोड की तरफ भगाने लगा।

तस्करों को भागता देख मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और पीछा करते हुए स्कॉर्पियो को चारों तरफ से घेर कर पकड़ लिया। गाड़ी रुकते ही उसमें सवार दो तस्कर उतरकर भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें पुलिस जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया। जब पकड़े गए दोनों संदिग्धों और गाड़ी की सघन तलाशी ली गई, तो उनके पास से 100-100 ग्राम के 8 पैकेट यानी कुल 800 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पर लगे मधेपुरा सिविल सर्जन के बोर्ड को लेकर जब संबंधित विभाग से संपर्क और जांच की गई, तो अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस रजिस्ट्रेशन नंबर की कोई भी गाड़ी उनके विभाग या कार्यालय में संबद्ध नहीं है। इससे साफ हो गया कि तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और चेकिंग से बचने के लिए फर्जी तरीके से अधिकारी के नाम का बोर्ड लगा रखा था। गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में कुबूल किया है कि वे यह खेप कालियागंज से लेकर आ रहे थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद स्मैक की कीमत ₹10 लाख से अधिक आंकी गई है।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए तस्करों के पास से कुछ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनके कॉल रिकॉर्ड्स और डेटा को खंगाला जा रहा है ताकि इस रैकेट के मुख्य सरगना और खरीदारों का पता लगाया जा सके। पूछताछ के आधार पर इस गिरोह में शामिल एक अन्य फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। 

अंकित की रिपोर्ट