Bihar News:दुर्गा पूजा और रावण वध पर पुलिस का पहरा, SSP की छापेमारी जैसी जांच, पंडालों में सुरक्षा का लिया जायजा

Bihar News:दुर्गा पूजा और रावण वध कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्णिया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ...

र्गा पूजा और रावण वध पर पुलिस का पहरा- फोटो : reporter

Bihar News:दुर्गा पूजा और रावण वध कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्णिया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। किसी भी अप्रिय घटना, हुड़दंग और सुरक्षा में चूक की आशंका को देखते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन लगातार पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार की रात एसएसपी ने धमदाहा अनुमंडल के भवानीपुर, धमदाहा और मीरगंज में विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों तथा रावण वध कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

रात में निकले SSP, सुरक्षा इंतजामों की परखी हकीकत

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।एसएसपी के साथ धमदाहा डीएसपी अजित प्रताप सिंह चौहान, सर्किल इंस्पेक्टर और संबंधित थानों के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूजा पंडालों और रावण वध कार्यक्रम से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।

हुड़दंगियों पर नजर, पुलिस बल को मुस्तैद रहने का निर्देश

एसएसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा और रावण वध कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाए। कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सजग रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

शांतिपूर्ण आयोजन पर पुलिस की पैनी नजर

पूर्णिया पुलिस का जोर है कि दुर्गा पूजा और रावण वध का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी के निरीक्षण को त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती जाएगी। अब त्योहार के दौरान पुलिस की मुस्तैदी और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर नजर रहेगी।

रिपोर्ट- अंकित कुमार