Bihar News : पूर्णिया में हैवानियत ! चारा लाने गई किशोरी से तीन युवकों ने किया गैंगरेप, नशे की हालत में झाड़ियों में दिया वारदात को अंजाम
Bihar News : शराब के नशे में धुत युवकों ने नहर किनारे मवेशियों के लिए चारा लाने गई एक नाबालिग किशोरी को सुनसान जगह पर दबोच लिया और उसके साथ बारी-बारी से कुकर्म किया।
PURNEA : पूर्णिया में 14 साल की किशोरी के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने नहर किनारे चारा लाने गई किशोरी को सुनसान जगह पर दबोच लिया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी पीड़िता को गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की उम्र 20 से 30 साल के बीच है।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे किशोरी अपनी दादी के साथ पटवा खेत में घास काट रही थी। दादी ने उसे नहर के 34 आरडी स्थित जलेबी पेड़ के पास रखे घास के बोझ को लाने के लिए भेजा। इसी दौरान सहारा पंचायत वार्ड 10 के संथाली टोला निवासी गोपाल मुर्मू, रामकुमार मुर्मू और उनके एक नाबालिग साथी ने किशोरी को रोक लिया। तीनों शराब के नशे में थे और उसे सुनसान झाड़ियों में ले जाकर बारी बारी से रेप किया।
कुछ देर बाद पोती की चीख सुनाई दी। उसी समय वार्ड सदस्य विपिन भारती भी नहर की ओर जा रहे थे। पहले आवाज साफ नहीं सुनाई दी, लेकिन आगे बढ़कर बाइक रोकने पर झाड़ियों की तरफ से तीन युवक घबराकर भागते दिखाई दिए। इसके बाद दादी दौड़कर मौके पर पहुंचीं और रोती-बिलखती हालत में पोती को लेकर घर पहुंचीं। देखते ही देखते गांव के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया है। पीड़िता का बयान दर्ज कराने के लिए उसे थाना लाया गया है।
अंकित की रिपोर्ट