Bihar Crime : पूर्णिया में खूनी इश्क, पत्नी ने दो प्रेमियों के साथ मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने झाड़ियों से बरामद किया शव

Bihar Crime : पूर्णिया पुलिस ने गजेंद्र मंडल हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके दो प्रेमियों को गिरफ्तार कर लिया है......जानिए क्या है पूरा मामला

पति की हत्या - फोटो : ANKIT

PURNEA : पूर्णिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रेम प्रसंग और पैसों के विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने शव बरामद कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया है। वहीं बनमनखी सीडीपीओ शैलेश  प्रीतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जानकीनगर थाना क्षेत्र के रामजानी वार्ड नंबर-04 निवासी गणिता देवी ने 5 मई 2026 को थाना में आवेदन देकर अपने पति गजेंद्र मंडल के लापता होने की जानकारी दी थी। 

आवेदन के आधार पर जानकीनगर थाना कांड संख्या-144/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 7 मई 2026 को रामजानी से डिबरा जाने वाली नहर के पास झाड़ी से गजेंद्र मंडल का शव बरामद किया गया। पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी गणिता देवी का मृतक के दोस्त रंजीत कुमार राय और सुमन कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

बताया जा रहा है कि गजेंद्र मंडल दूसरे राज्य में काम करता था और घर बनाने के लिए पैसे भेजता था। इसी पैसे को लेकर पत्नी और उसके प्रेमियों के बीच विवाद हुआ था। जब गजेंद्र मंडल को पत्नी पर शक हुआ तो उसने 2 मई की रात पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। 3 मई को गजेंद्र मंडल को खिलाने-पिलाने के बहाने सुनसान नहर किनारे ले जाया गया, जहां पत्नी गणिता देवी, रंजीत कुमार राय और सुमन कुमार ने मिलकर उसकी हत्या कर शव को झाड़ी में छुपा दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी ने ही पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

गिरफ्तार आरोपी (रंजीत कुमार राय,) निवासी रहरिया, जिला अररिया (सुमन कुमार, निवासी) रामजानी, थाना जानकीनगर, पूर्णिया (गणिता देवी, )पत्नी स्वर्गीय गजेंद्र मंडल, निवासी रामजानी, पूर्णिया हैं।  वही गिरफ्तार आरोपियों से तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद की है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

अंकित की रिपोर्ट