सहरसा हिरासत मौत मामला: थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित, विशेष जांच टीम गठित

सहरसा में हिरासत के दौरान आरोपी की मौत के मामले में थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र क्लोज किया गया है। NHRC गाइडलाइन के तहत पोस्टमार्टम और विशेष टीम से जांच जारी है। पूरी खबर पढ़ें

सहरसा में हिरासत के दौरान आरोपी की मौत के मामले में थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित- फोटो : Reporter

सहरसा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां हिरासत में एक आरोपी की मौत के बाद थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौरबाजार थाना कांड संख्या-398/26 के प्रेम-प्रसंग से जुड़े मामले में अभियुक्त अनमोल कुमार ने 24 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे शौचालय जाने के दौरान वॉशरूम में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


सीसीटीवी फुटेज में अकेले जाते दिखा अभियुक्त

पुलिस के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्त अनमोल कुमार को स्वयं वॉशरूम में प्रवेश करते हुए देखा गया है। घटना का पता चलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत सदर अस्पताल, सहरसा पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मजिस्ट्रेट और मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में पोस्टमार्टम

मृतक के शव का पोस्टमार्टम राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की गाइडलाइन के अनुरूप कराया जा रहा है। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार किया गया है और पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी मेडिकल बोर्ड के माध्यम से कराई जा रही है।


लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष समेत 5 कर्मी सस्पेंड

कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने और प्रथम दृष्टया हाजत से जुड़े नियमों का पालन न करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र क्लोज कर दिया गया है। निलंबित होने वालों में थानाध्यक्ष (SHO) संजय कुमार सत्यार्थी, अनुसंधानकर्ता (I.O.) PSI शिवानी कुमारी, ओ.डी. पदाधिकारी ASI अनंत कुमार सिंह, सिपाही PTC/116 मुन्ना कुमार और ड्यूटी पर तैनात चौकीदार 6/2 राजकिशोर शर्मा शामिल हैं।


एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित

पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए पुलिस अधीक्षक, सहरसा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है। यह टीम घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है और नियमों के अनुसार आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस महकमे में हलचल, नियमों के पालन पर जोर

हिरासत के दौरान हुई इस घटना और उसके बाद पांच पुलिसकर्मियों पर हुई त्वरित निलंबन कार्रवाई से सहरसा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना ने थानों और हाजत में सुरक्षा तथा निगरानी व्यवस्था को लेकर सख्त नियमों के पालन की आवश्यकता को एक बार फिर सामने ला दिया है।


हर एंगल से खंगाले जा रहे घटना के हालात

विशेष जांच टीम यह भी देख रही है कि किन परिस्थितियों में अभियुक्त वॉशरूम तक पहुंचा और निगरानी में कहां चूक हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर मामले के सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा।


विधि-सम्मत कार्रवाई जारी, रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा सभी कानूनी औपचारिकताओं और जांच प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं और अगली कार्रवाई को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

सहरसा से छोटू सरकार की रिपोर्ट