कोशी स्नातक क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. वंदना कुमारी ने जारी किया घोषणा पत्र, रोजगार और संविदा कर्मियों के मुद्दों को बनाया प्रमुख एजेंडा

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. वंदना कुमारी ने सहरसा में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने ने अपने घोषणा पत्र में क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, सरकारी व संविदा कर्मियों के मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया है.....

डॉ. वंदना कुमारी ने जारी किया घोषणा पत्र- फोटो : छोटू सरकार

Saharsa : कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. वंदना कुमारी ने सहरसा में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र के जरिए उन्होंने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, सरकारी व संविदा कर्मियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से शामिल किया है।


स्नातक युवाओं के लिए रोजगार और परीक्षा में राहत 

घोषणा पत्र में स्नातकों के हित को प्राथमिकता देते हुए 'स्नातक रोजगार गारंटी योजना' लागू कराने का वादा किया गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालयों में एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार समय पर परीक्षा आयोजित कराने और परिणाम घोषित करने पर बल दिया गया है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क परीक्षा फॉर्म भरने की व्यवस्था कराने का आश्वासन भी दिया गया है।


शिक्षकों, संविदा कर्मियों और पत्रकारों के अधिकार 

डॉ. वंदना कुमारी ने सरकारी शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन, पुराना वेतनमान और पुरानी सेवा शर्तें लागू कराने का भरोसा जताया है। वहीं अल्पसंख्यक व मदरसा शिक्षकों को अन्य राज्य कर्मियों के समान सुविधा देने तथा संविदा कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, किसान सलाहकारों व लेखापालों को पूर्ण वेतनमान दिलाने का वादा किया गया है। इसके अतिरिक्त अधिवक्ताओं, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा एवं पेंशन की व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से शामिल है।


निजी विद्यालयों की व्यवस्था और कला-संस्कृति को बढ़ावा 

शिक्षा क्षेत्र में सुधार की कड़ी में निजी विद्यालयों के बच्चों को सरकारी योजनाओं जैसे पोशाक, साइकिल, किताब और छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसके साथ ही निजी स्कूलों के लिए आरटीई राशि और सरकारी अनुदान समय पर दिलाने पर जोर दिया गया है। सांस्कृतिक विकास के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में कला भवन का निर्माण कराकर स्थानीय कलाकारों, संगीतकारों और साहित्यकारों को मंच प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।


प्रबुद्ध और युवा मतदाताओं से समर्थन की अपील 

घोषणा पत्र जारी करने के साथ ही डॉ. वंदना कुमारी ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षित, समाजसेवी, संघर्षशील और युवा मतदाताओं से अपने पक्ष में समर्थन की अपील की है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कोशी क्षेत्र के प्रबुद्ध मतदाता इन चुनावी वादों पर कितना भरोसा जताते हैं और आगामी चुनाव में इसका क्या प्रभाव पड़ता है।


छोटू सरकार की रिपोर्ट