Bihar News : सहरसा में दबंगों ने स्कूल में जाकर शिक्षकों से की मारपीट, प्रधानाध्यापिका से की अभद्रता, वीडियो सोशल मीडिया में हुआ वायरल
Bihar News : सहरसा के नवहट्टा प्रखंड के इसलामपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षकों के साथ मारपीट करने और प्रभारी प्रधानाध्यापिका के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है।
SAHARSA : जिले में शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय में ही शिक्षक सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला नवहट्टा प्रखंड के इसलामपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय से सामने आया है। जहां विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट करने और प्रभारी प्रधानाध्यापिका के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग से लेकर स्थानीय स्तर तक इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त विद्यालय के सभी शिक्षक अपने-अपने कक्षाओं में पठन-पाठन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान विद्यालय अध्यक्ष राजकिशोर चौधरी अपने भाइयों एवं कुछ सहयोगियों के साथ विद्यालय परिसर में पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुंवर नम्रता आनंद के साथ गाली-गलौज करते हुए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।
वहीं, जब विद्यालय के शिक्षक शशि कुमार राम और रमन कुमार ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी प्रभावित हुआ। घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि news4nation नहीं करता है।
मामले को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुंवर नम्रता आनंद ने नवहट्टा थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। हालाँकि सवाल यह उठता है कि जब विद्यालय परिसर में ही शिक्षक सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा? शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं न सिर्फ शिक्षकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि विद्यालय की व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता पैदा करती हैं।
छोटू सरकार की रिपोर्ट