Bihar News : सहरसा पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया खुलासा, 4 नाबालिगों समेत 18 युवतियों का किया रेस्क्यू, मुख्य संचालिका को किया गिरफ्तार

Bihar News : सहरसा में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र के भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर 18 युवतियों को बरामद किया गया, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं।

देह व्यापार का खुलासा - फोटो : CHHOTU

SAHARSA : बिहार के सहरसा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र के भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस की विशेष टीम ने औचक छापेमारी कर भारी संख्या में युवतियों को मुक्त कराया है। इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

यह पूरी कार्रवाई मंगलवार को साइबर डीएसपी कल्याण आनंद के नेतृत्व में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया को चारों तरफ से घेरकर अचानक रेड की। इस दौरान पुलिस की टीम ने मौके से कुल 18 युवतियों को बरामद किया। चौंकाने वाली बात यह है कि मुक्त कराई गई इन युवतियों में 4 नाबालिग भी शामिल हैं, जिन्हें जबरन इस दलदल में धकेला गया था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ एफएसएल (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुँचकर वैज्ञानिक जांच की और घटनास्थल से कई आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त कीं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पूर्व में पुलिस प्रशासन द्वारा सील किए गए एक मकान का ताला तोड़कर अवैध रूप से युवतियों को रखा गया था और वहाँ से भी कई युवतियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने मौके से इस पूरे अवैध धंधे का संचालन करने वाली एक मुख्य महिला (हेड) को भी गिरफ्तार किया है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस बदनाम इलाके में पहले भी इस तरह की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया जा चुका है। इससे पूर्व में भी इसी रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर 22 महिलाओं को बरामद किया गया था और अवैध गतिविधियों में लिप्त कई मकानों को सील किया गया था। इसके बावजूद, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि सील किए गए मकानों और नए ठिकानों पर दोबारा गुपचुप तरीके से देह व्यापार का गंदा खेल शुरू कर दिया गया है, जिसके बाद यह त्वरित कार्रवाई की गई।

फिलहाल, पुलिस ने बरामद की गई चारों नाबालिग लड़कियों की काउंसलिंग और उन्हें सुरक्षित संरक्षण में भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, गिरफ्तार की गई महिला संचालिका से पुलिस की विशेष टीम कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) और देह व्यापार के सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और मुख्य सरगनाओं की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

छोटू सरकार की रिपोर्ट