प्रधानाध्यापिका पर धमकी और झूठे केस में फंसाने की चेतावनी का आरोप: ग्रामीणों ने सहरसा में जताई नाराजगी, जांच की मांग

सहरसा जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सैकड़ों ग्रामीणों ने कोशी रेंज DIG और सहरसा DEO को ज्ञापन सौंपा। प्रधानाध्यापिका के व्यवहार और धमकियों को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है।

सहरसा में स्कूल प्रधानाध्यापिका के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा- फोटो : Reporter

सहरसा जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने कोशी रेंज के डीआईजी (DIG) और सहरसा जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के कार्यालय पहुंचकर नाराजगी जताई और अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन सौंपा।


ग्रामीणों ने लगाया धमकी और झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा ग्रामीणों को बार-बार धमकी दी जा रही है और गलत तरीके से केस दर्ज कराने की चेतावनी दी जा रही है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, स्कूल के प्रबंधन और व्यवहार को लेकर जब कोई बात रखी जाती है, तो उन्हें सहयोग के बजाय असहज करने वाले रवैये और धमकियों का सामना करना पड़ता है।


बच्चों के साथ व्यवहार और संवेदनशीलता पर अभिभावकों में रोष

आरोपों के अनुसार, विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था और बच्चों के साथ बर्ताव को लेकर संवेदनशीलता की कमी की शिकायतें सामने आई हैं। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शिक्षा के संस्थानों में अनुशासन, सम्मान और संवेदनशीलता अपेक्षित है, लेकिन कथित मनमाने व्यवहार के कारण लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।


उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग, भविष्य की चिंता

मामले को लेकर ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों के भविष्य और विद्यालय की गरिमा के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिक्षा विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

सहरसा से छोटू सरकार की रिपोर्ट