Bihar News : पत्नी ने पति पर मारपीट कर दो बच्चों संग घर से निकालने का लगाया आरोप, पीड़िता ने महिला थाने में की शिकायत

Bihar News : महिला थाना, सहरसा में एक महिला ने अपने पति पर मारपीट करने और दो बच्चों के साथ घर से निकालने का आरोप लगाते हुए आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पति पर घर से भगाने का आरोप - फोटो : CHHOTU SARKAR

SAHARSA : जिले से पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। महिला थाना, सहरसा में एक पीड़िता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती आवेदन सौंपा है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और दो मासूम बच्चों सहित उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी। हालांकि, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन और विवाद चल रहा था। महिला ने बताया कि यह पारिवारिक विवाद पहले भी अदालत तक पहुंच चुका है, जिसको लेकर पूर्व में कांड संख्या 242/2020 दर्ज है। महिला का कहना है कि पूर्व के विवाद के बाद पति ने सुलह-समझौता कर उसे और बच्चों को अपने साथ रखने का आश्वासन देकर सहरसा बुलाया था। लेकिन सहरसा आने के बाद स्थिति सुधरने के बजाय फिर बिगड़ गई। पीड़िता के अनुसार, बीते 27 सितंबर 2026 को पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद पति ने हिंसक होकर मारपीट की और बच्चों समेत उसे घर से निकाल दिया।

आवेदन में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि इस प्रताड़ना में अन्य लोगों का भी हस्तक्षेप और हाथ रहा है। पीड़िता ने उल्लेख किया है कि घटना की पूरी सच्चाई आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद है, जिससे मामले की पुष्टि हो सकती है। महिला ने सहरसा महिला थाना पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने तथा बच्चों के लिए सुरक्षा की मांग की है।

महिला थाने को आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर क्या सच्चाई सामने आती है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।

छोटू सरकार की रिपोर्ट