Chhath Puja:छठ महापर्व को लेकर कारीगरों की बढ़ी व्यस्तता, बांस के सूप-डगरा की मांग तेज
Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है।...
Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पर्व की तैयारियों के बीच बांस से बने पारंपरिक बर्तनों की मांग में भी तेजी आ गई है। सहरसा जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत बलुआहा 17 नंबर रोड पर मल्लिक समाज के कारीगर इन दिनों दिन-रात मेहनत कर सूप, डगरा, छीटा और अन्य घरेलू सामान तैयार करने में जुटे हैं। उनके हाथों की कारीगरी और वर्षों पुराना हुनर एक बार फिर छठ की परंपरा को सजाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
यहां मल्लिक समाज के परिवार पीढ़ियों से बांस के सामान बनाने के पुश्तैनी कारोबार से जुड़े हैं। छठ महापर्व नजदीक आते ही इनके कामकाज में तेजी आ जाती है। कारीगर बांस को चीरकर उसकी पतली-पतली पट्टियां तैयार करते हैं और फिर बड़ी बारीकी तथा हुनरमंदी से उन्हें अलग-अलग आकार देते हैं। इसी मेहनत से सूप, डगरा और छीटा जैसे पारंपरिक बर्तन तैयार होते हैं। इन सामानों का छठ पूजा में खास महत्व है। व्रती इन्हीं बर्तनों में फल, प्रसाद और पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
इस पारंपरिक कारोबार की खासियत यह है कि इसमें परिवार के महिला और पुरुष सभी सदस्य मिलकर हाथ बंटाते हैं। कोई बांस की पट्टियां तैयार करता है, तो कोई उन्हें बुनकर सुंदर आकार देता है। इस तरह पूरे परिवार की मेहनत से पुश्तैनी हुनर को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी सिलसिले में News4Nation की टीम बलुआहा 17 नंबर रोड पहुंची और कारीगरों से बातचीत कर उनके कामकाज, मेहनत और रोजगार की हकीकत जानी। कारीगरों के मुताबिक, पर्व के मौसम में बिक्री बढ़ने से परिवार की आमदनी का सहारा मिलता है।
हालांकि आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव और बाजार में नए सामानों की उपलब्धता के बीच इस पारंपरिक कला को बचाए रखना बड़ी चुनौती है। ऐसे में मल्लिक समाज के हुनरमंद कारीगरों को उचित मेहनताना, बाजार और सरकारी प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक महफूज रह सके।
रिपोर्टर:- छोटू सरकार