दुखद : रोज़गार की तलाश में निकला इकलौता बेटा घर लौटने से पहले ही जिंदगी हार गया, शाहजहांपुर में मिला शव
Saharsa : जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. जहां सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत बल्हमपुर (वार्ड 04) निवासी शशिभूषण कुमार (पिता: विन्देश्वरी मेहता) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को जब उनका शव उनके पैतृक गांव पहुँचा, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार के इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेहतर नौकरी के लिए हिमाचल प्रदेश से लौट रहे थे बिहार
परिजनों ने बताया कि घर की आर्थिक तंगी दूर करने के लिए शशिभूषण कुछ महीने पहले हिमाचल प्रदेश गए थे, जहां वे 15 हजार रुपये महीने की नौकरी कर रहे थे। दोस्तों द्वारा 18 हजार रुपये प्रति माह वाली दूसरी नौकरी का ऑफर मिलने पर वे अंबाला कैंट से ट्रेन पकड़कर बिहार लौट रहे थे।
शाहजहांपुर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ शव
यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर पहले रेलवे ट्रैक के किनारे शशिभूषण का शव मिला। उत्तर प्रदेश पुलिस ने तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों से पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतक के पास से 7 हजार रुपये नकद, ट्रेन टिकट और ईयरबड्स बरामद हुए हैं।
सब्जी बेचने वाले पिता का इकलौता सहारा था शशिभूषण, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के पिता विन्देश्वरी मेहता सहरसा में सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असामयिक मौत ने परिवार का सहारा छीन लिया है। फिलहाल यूपी पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छोटू सरकार की रिपोर्ट