samastipur drowning: समस्तीपुर में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, चौर में डूबकर दो किशोरियों की मौत
samastipur drowning: समस्तीपुर के दलसिंहसराय स्थित महनैया चौर में कपड़े धोने गईं चार किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में दो चचेरी बहनों की मौत हो गई, जबकि दो को बचा लिया गया।
samastipur drowning: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के महनैया चौर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कपड़े धोने गईं चार किशोरियां अचानक गहरे पानी में डूबने लगीं। इस हादसे में दो चचेरी बहनों की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की मदद से दो अन्य किशोरियों को बचा लिया गया। गंभीर हालत में बचाई गई एक किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृत किशोरियों की पहचान सहबाजपुर महनैया वार्ड संख्या 14 निवासी मोती दास की 14 वर्षीय बेटी सुस्मिता कुमारी और राज कुमार दास की 16 वर्षीय बेटी रूबी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, दिनेश सहनी की बेटी अंशु कुमारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौथी किशोरी सुरक्षित है।
कपड़े धोने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को चारों किशोरियां अपनी सहेलियों के साथ महनैया चौर में कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चली गईं। किशोरियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी में उतरकर तलाश शुरू की और दो किशोरियों को बाहर निकाल लिया। हालांकि, सुस्मिता और रूबी को जब तक पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों चचेरी बहनें थीं और अपने-अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं। इस घटना के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उर्दू मध्य विद्यालय में पढ़ती थीं दोनों बहनें
परिजनों ने बताया कि सुस्मिता और रूबी दोनों उर्दू मध्य विद्यालय महनैया में पढ़ाई करती थीं। सुस्मिता सातवीं और रूबी नौवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों किशोरियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।