Chhapra News: भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का छपरा जंक्शन पर होगा ठहराव, सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयास से मिली मंजूरी

सारण वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी, सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। यह ट्रेन छपरा जंक्शन पर रुकेगी और सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।

सांसद रूडी के प्रयास से मिली स्वीकृति,रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को ट्रेन के परिचालन की स्व- फोटो : Reporter

सारण क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए स्थानीय सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी निरंतर प्रयासरत रहते है। इसी कड़ी में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को भुज-बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस (19427/19428) के परिचालन को स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी है। यह रेल सेवा छपरा होकर संचालित होगी और छपरा जंक्शन पर इसका ठहराव होगा।


इस संबंध में सांसद रूडी ने जानकारी देते हुए कहा कि नए भारत में उन्नत रेल सेवाओं की श्रृंखला में अमृत भारत एक्सप्रेस का महत्वपूर्ण स्थान है। आधुनिक यात्री सुविधाओं, उन्नत आंतरिक संरचना और सुविधाजनक यात्रा अनुभव के साथ अमृत भारत ट्रेन देश के करोड़ों यात्रियों के लिए रेल यात्रा को बेहतर बना रही है। अब सारण क्षेत्र के लाखों यात्रियों को भी इस आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।


उन्होंने कहा कि भुज से बरौनी के बीच यह पहली रेल सेवा होगी, जो गुजरात और बिहार के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी। 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के अनेक महत्वपूर्ण शहरों एवं जंक्शनों को जोड़ेगी। सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली इस रेल सेवा से पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच यात्रा का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।


सांसद ने कहा कि छपरा जंक्शन सारण प्रमंडल के सारण, सीवान एवं गोपालगंज जिलों के यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रेल केंद्र है, जहां से देश के प्रमुख नगरों के लिए रेल संपर्क उपलब्ध है। भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का छपरा होकर परिचालन इन क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट