Bihar News: राज्यपाल ने किया खेल सम्मान भवन का लोकार्पण, बोले- 2036 ओलंपिक में बिहार के खिलाड़ियों की होगी अहम भूमिका

Bihar News: बिहार के खेल जगत को नई उड़ान देने की दिशा में सारण जिले के बनियापुर में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई।...

राज्यपाल ने किया खेल सम्मान भवन का लोकार्पण- फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार के खेल जगत को नई उड़ान देने की दिशा में सारण जिले के बनियापुर में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण शुक्रवार को बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने किया। सेल (SAIL) की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत निर्मित इस भवन को क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए एक नई उम्मीद और बेहतर अवसरों का केंद्र माना जा रहा है। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खेल जगत से जुड़े लोगों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी रही।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ राज्यपाल का भव्य स्वागत

लोकार्पण समारोह में पहुंचने पर राज्यपाल को सर्वप्रथम गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। राज्यपाल समेत मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। तत्पश्चात राज्यपाल ने रिमोट का बटन दबाकर खेल सम्मान भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

आजादी के बाद पहली बार बनियापुर पहुंचे राज्यपाल : विधायक

समारोह को संबोधित करते हुए बनियापुर विधायक केदारनाथ प्रसाद सिंह ने इस दिन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बिहार के राज्यपाल का बनियापुर की धरती पर आगमन हुआ है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि खेल सम्मान भवन का निर्माण स्थानीय युवाओं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाएगा।

2036 ओलंपिक में बिहार के खिलाड़ियों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका : श्रेयसी सिंह

महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने राज्यपाल के आगमन और भवन के लोकार्पण पर आभार जताया। उन्होंने खेल एवं उद्योग मंत्री तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रेयसी सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों का आयोजन कराना है। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने में बिहार और खासकर सारण के खिलाड़ियों की अहम भूमिका हो सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

खेल सम्मान भवन बनेगा ग्रामीण प्रतिभाओं की नई पहचान

मंत्री ने कहा कि इस भवन के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और खेल संबंधी आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। यह भवन भविष्य में खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहां राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

खेल से बनता है अनुशासित और सशक्त समाज : राज्यपाल

मुख्य अतिथि राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेल महज शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक विकास, सद्भाव और सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति समर्पण व्यक्ति को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल ने खेल सम्मान भवन के निर्माण को सांसद और विधायक की सक्रिय पहल का सकारात्मक परिणाम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह भवन सारण की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देगा और जिले को खेल के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में मददगार साबित होगा।

डीएम ने जताया सभी अतिथियों का आभार

कार्यक्रम के अंत में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने राज्यपाल, सांसद, विधायक, मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कुल मिलाकर, बनियापुर में खेल सम्मान भवन का लोकार्पण केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने की दिशा में अहम पहल है। सेल की CSR पहल से तैयार यह भवन आने वाले दिनों में सारण के खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देने का मजबूत आधार बन सकता है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी