Chapra Sadar Hospital: इलाज में लापरवाही पर परिजनों का हंगामा, राइफल चमकाने के आरोप में CCTV जांच जारी

छपरा सदर अस्पताल में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। राइफल दिखाने के आरोप के बाद एएसपी रामपुकार सिंह के निर्देश पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उपद्रवियों पर प्राथमिकी दर्ज कर रही है।

मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों से पूछे तीखे सवाल, एएसपी ने दिए FIR के आदेश- फोटो : Reporter

छपरा सदर अस्पताल में मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग को लेकर परिजनों द्वारा किए गए हंगामे का एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में आक्रोशित परिजन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर तीखे सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद कुछ देर के लिए सदर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के मौना हुस्से ढाला-44 निवासी मुन्ना राय की पुत्री काजल कुमारी सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थी। परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। उपचार के दौरान बदहाल व्यवस्था और सुविधाओं की कमी को लेकर घायल युवती के भाइयों और परिजनों ने नाराजगी जताई, जो देखते ही देखते तीखी बहस और हंगामे में बदल गई।


राइफल चमकाने का आरोप, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। परिजनों पर अस्पताल परिसर में राइफल चमकाने का भी गंभीर आरोप लगा है, हालांकि डॉक्टर इस विषय पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।


एएसपी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

घटना की सूचना मिलने पर एएसपी रामपुकार सिंह दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपद्रव करने और हथियार प्रदर्शन करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए हैं। फिलहाल पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट