मढ़ौरा के 4 फुटबॉलरों को मिली 3-3 लाख की 'प्रेरणा स्कॉलरशिप', खेल और पढ़ाई को मिलेगी नई उड़ान

बिहार सरकार की 'प्रेरणा छात्रवृत्ति योजना' के तहत मढ़ौरा फुटबॉल क्लब के 4 खिलाड़ियों—साहिल, बिपुल, शिवम और अमृत का चयन हुआ है।सभी खिलाड़ियों को खेल और पढ़ाई के लिए प्रतिवर्ष 3-3 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।मढ़ौरा और सारण जिले में खुशी की लहर

मढ़ौरा के 4 फुटबॉलरों को मिली 3-3 लाख की 'प्रेरणा स्कॉलरशिप'- फोटो : Reporter

सारण जिले के मढ़ौरा की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी और उत्साहवर्धक खबर सामने आई है। बिहार सरकार के खेल विभाग द्वारा मढ़ौरा फुटबॉल क्लब के चार होनहार खिलाड़ियों का चयन 'प्रेरणा छात्रवृत्ति योजना' के तहत किया गया है। इन सभी खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से स्वीकृति प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है। इस योजना के तहत अब इन्हें बेहतर खेल प्रशिक्षण और अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रतिवर्ष तीन-तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी, जिससे उनकी राह आसान होगी और वे अपने खेल पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।


इन चार होनहार युवा खिलाड़ियों ने बनाई अपनी जगह

सरकार द्वारा राज्य भर में संचालित उत्कर्ष, सक्षम और प्रेरणा छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत इस साल कुल 514 होनहार खिलाड़ियों को चुना गया है। इनमें मढ़ौरा के जिन चार युवाओं ने प्रेरणा स्कॉलरशिप हासिल की है, उनमें धरमपुर ठेकही के साहिल कुमार, धरमपुर जाफर के बिपुल कुमार शर्मा व अमृत कुमार सिंह तथा विक्रमपुर के शिवम कुमार शामिल हैं। ये चारों खिलाड़ी मढ़ौरा फुटबॉल क्लब के नियमित सदस्य हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच चुके हैं।


राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का बिखेर चुके हैं जलवा

इन चयनित खिलाड़ियों का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। इनमें से साहिल कुमार राष्ट्रीय स्तर पर अंडर-14 और अंडर-17 प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि अन्य तीनों खिलाड़ियों ने भी राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। ये सभी राज्य स्तरीय 'मशाल प्रतियोगिता' के विजेता भी रह चुके हैं। इनकी इस सफलता से मढ़ौरा की पुरानी फुटबॉल परंपरा फिर से जीवंत हो उठी है और सुबह-शाम मैदानों में अभ्यास करने वाले दर्जनों स्थानीय बच्चों में खेल के प्रति जुनून और बढ़ गया है।


मेहनत और अनुशासन का मिला इनाम, अन्य युवाओं को मिलेगी प्रेरणा

खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर मढ़ौरा फुटबॉल क्लब के कोच और पूर्व सैनिक प्रभाकर सिंह ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसका श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी के बावजूद बच्चों का हौसला कभी नहीं डगमगाया। सरकार की इस स्कॉलरशिप से न केवल इन चार खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा होगा, बल्कि पूरे मढ़ौरा और सारण जिले के अन्य युवा भी फुटबॉल और अन्य खेलों को अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगे।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट