सारण और बलिया के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी: रिविलगंज-सिताबदियारा के बीच बनेगा स्थायी पुल, सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान
सारण और बलिया के बीच आवागमन होगा सुगम। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिविलगंज-सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण का भरोसा दिया है। इसके लिए वे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। पढ़ें पूरी खबर।
सारण और बलिया के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में रिविलगंज- सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि अब इस मार्ग पर पीपापुल के बजाय स्थायी पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए वे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर आवश्यक पहल करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भरोसा झराम घाट स्थित अटल द्वार के उद्घाटन समारोह के दौरान दिया।
समारोह में स्थानीय विधायक छोटी कुमारी ने मंच पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने रिविलगंज से सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण को प्राथमिकता देते हुए इसके महत्व से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायक ने कहा कि इस मार्ग पर स्थायी पुल बनने से सारण और बलिया क्षेत्र के हजारों लोगों को सालभर आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही, दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने और पुल निर्माण की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया।
विधायक ने दूसरी मांग के रूप में बिशुनपुरा से रिविलगंज तक मरीन ड्राइव का शीघ्र निर्माण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। वहीं, तीसरी मांग में भगवान हनुमान जी के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध अहिल्या स्थान गोदना को राम सर्किट से जोड़ने का मुद्दा उठाया। विधायक के अनुसार, इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होंगे। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद रिविलगंज- सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी रिपोर्ट